उज्जैन के कार्तिक मेले में एक ही स्लॉट पर दो अतिरिक्त झूले लगाकर संचालन करने के मामले में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम मेले में पहुंची और तीन झूलों को सील कर दिया। निगम का कहना है कि यह अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे
.
नगर निगम ने एक झूले के लिए स्लॉट जारी किया था, जिस पर संचालक ने दो और झूले लगा दिए थे। यह जानकारी सामने आने पर नगर निगम के उपायुक्त संजेश गुप्ता और सहायक आयुक्त प्रदीप सेन ने मौके पर पहुंचकर इन अवैध झूलों को सील किया। सील किए गए झूलों में एक नाव और दो अन्य बड़े झूले शामिल हैं, जिनकी आवंटन कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई गई है।
उज्जैन के कार्तिक मेले में अवैध रूप से चल रहे झूले।
दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करेंगे-महापौर
मेले में शामिल होने आए व्यापारियों ने सुरक्षा की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस मामले पर महापौर मुकेश टटवाल ने स्वीकार किया कि यह लापरवाही मेला प्रबंधन की है। उन्होंने कहा कि एक झूले वाले ने एक स्लॉट पर दो झूले लगा दिए थे, जिस पर कार्रवाई की गई है।
महापौर ने यह भी बताया कि इस लापरवाही के लिए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को चिह्नित किया जाएगा और उनकी जिम्मेदारी तय कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए झूला क्षेत्र का पूरा टेंडर किसी एक बड़ी कंपनी को देने की योजना बनाई जा रही है, ताकि जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके।