जीजा ने दोस्त के साथ मिलकर साले को मार डाला: मंदसौर में लोहे के पाइप से की हत्या; दोनों गिरफ्तार, स्कूटी-हथियार बरामद – Mandsaur News

जीजा ने दोस्त के साथ मिलकर साले को मार डाला:  मंदसौर में लोहे के पाइप से की हत्या; दोनों गिरफ्तार, स्कूटी-हथियार बरामद – Mandsaur News


मंदसौर की वायडी नगर पुलिस ने कमल उर्फ भेरू धनगर हत्याकांड का शनिवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर इस मामले को सुलझाया है।

.

गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का जीजा जितेंद्र धनगर और उसका साथी सुरेश उर्फ जुझारसिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के दो पाइप, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस को 19 नवंबर को सूचना मिली थी कि मेनपुरिया निवासी 24 वर्षीय कमल उर्फ भेरू का शव उसके जीजा जितेंद्र धनगर के भुनियाखेड़ी स्थित घर में संदिग्ध हालत में पड़ा है। शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे, और परिजनों ने पुराने पारिवारिक विवाद का जिक्र किया था, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्या मानकर जांच शुरू की।

उपनिरीक्षक विनय बुंदेला और कपिल सौराष्ट्र ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थल की गहन पड़ताल की। जांच में सामने आया कि हत्या को एक से अधिक व्यक्तियों ने अंजाम दिया है। पूछताछ में यह भी पता चला कि 19 नवंबर की रात जितेंद्र अपनी स्कूटी से कमल को घर लाया था, जहां दोनों आरोपियों ने उसके साथ बैठकर शराब पी।

शराब पीने के दौरान ही जितेंद्र ने अपने साले कमल पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। जितेंद्र अपने ससुराल पक्ष से पारिवारिक विवाद और हाल ही में कमल को नशा मुक्ति केंद्र भेजे जाने को लेकर नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने साथी सुरेश के साथ मिलकर कमल की हत्या की योजना बनाई थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र पिता नागुलाल धनगर (35 वर्ष) निवासी भुनियाखेड़ी, थाना वायडी नगर, मंदसौर शामिल है। जितेंद्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और दुर्घटना सहित कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

दूसरा आरोपी सुरेश उर्फ जुझारसिंह पिता हीरालाल गुर्जर (32 वर्ष) निवासी शकतखेड़ी, थाना खाचरौद, जिला उज्जैन है। उसके खिलाफ भी पूर्व में धारा 323, 294, 506, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज हैं।



Source link