IND vs SA: टीम इंडिया के नए कप्तान शुभमन गिल के सामने इंजरी रोड़ा बन चुकी है. टेस्ट सीरीज के बाद अब वनडे सीरीज से भी शुभमन गिल के बाहर होने की खबर आ रही है. टेस्ट में गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत टीम की बागडोर संभाल रहे हैं. लेकिन सवाल है अब आखिर वनडे में कौन कमान संभालेगा. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होगा. वनडे टीम में ऋषभ पंत की जगह मुश्किल है ऐसे में टीम की कप्तानी दूर की बात नजर आती है.
अय्यर पहले से ही चोटिल
टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर पहले ही इंजरी के चलते लंबे समय के लिए क्रिकेट से दूर हो गए हैं. ऐसे में सेलेक्टर्स के पास कप्तानी के ऑप्शन ज्यादा नहीं होंगे. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक गिल 21 नवंबर को गुवाहाटी से मुंबई आए थे, उन्हें डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने और आराम करने की सलाह दी है. हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि वह 9 दिसंबर से शुरू होने वाली 5 मैच की टी20 सीरीज में कमबैक कर लेंगे. उनकी प्रोग्रेस की जांच करने और आगे की राह तय करने के लिए अगले हफ्ते एक नया असेसमेंट किया जाएगा.
गिल को आराम करने की सलाह
BCCI के एक अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘दुर्भाग्य से गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन ODI मैचों के लिए सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. उन्हें स्पेशलिस्ट ने और आराम करने की सलाह दी है और BCCI की मेडिकल टीम उन पर नजर रखे हुए है.’ अब पुरुषों की सीनियर सिलेक्शन कमेटी को साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए एक कामचलाऊ लीडरशिप ग्रुप बनाना होगा.
ये भी पढ़ें.. शुभमन गिल के बाद एक और झटका… महीनों बाहर रहेगा ये बल्लेबाज, जानलेवा चोट बनी मुसीबत
टीम के पास होंगे ये ऑप्शन
रोहित शर्मा को हटाकर सेलेक्टर्स ने गिल को व्हाइट बॉल क्रिकेट की कमान सौंपी थी. ऐसे में एक बार फिर वह भले कामचलाऊ के तौर पर लेकिन युवा कप्तान ही चाहेंगे. गिल अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल, अक्षर पटेल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के टीम में होने की संभावना है. पंत ODI में रेगुलर नहीं रहे हैं, लेकिन मैनेजमेंट इस फॉर्मेट में अपने अप्रोच को बदलना चाहता है और टीम में कुछ लेफ्ट-हैंडर को शामिल करने की सावधानी से कोशिश की जाएगी. देखना दिलचस्प होगा कि टीम की कमान इस वनडे सीरीज में किसके हाथों में होती है. कुलदीप यादव भी इस सीरीज से अपनी शादी के चलते छुट्टी पर रहेंगे.