IND vs SA 2nd Test Day 1: गुवाहाटी में भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला, कुछ ही देर में होगा टॉस

IND vs SA 2nd Test Day 1: गुवाहाटी में भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला, कुछ ही देर में होगा टॉस


IND vs SA 2nd Test Day 1: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला कुछ ही देर में गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. कोलकाता में पहला टेस्ट मैच 30 रन से जीतकर साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है. भारत को यह सीरीज बचाने के लिए गुवाहाटी में होने वाला दूसरा टेस्ट मैच हर हाल में जीतना होगा. भारत अगर गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच भी हार जाता है तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में 25 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज गंवा देगा.

भारत बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड रिकॉर्ड्स

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच साल 1992 से लेकर अभी तक 45 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 16 मैच जीते हैं और अफ्रीकी टीम ने 19 टेस्ट मुकाबलों में बाजी मारी है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल नहीं खेलेंगे. शुभमन गिल के स्थान पर ऋषभ पंत इस टेस्ट में टीम इंडिया की कमान संभालेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source


शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर

शुभमन गिल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुए थे. अपनी पारी की तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद शुभमन गिल को गर्दन में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे. इसके बाद शुभमन गिल दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सके. शुभमन गिल गर्दन की इसी चोट की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हैं.

ऋषभ पंत करेंगे महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी

ऋषभ पंत पहली बार भारतीय टीम की टेस्ट फॉर्मेट में कप्तानी करेंगे. महेंद्र सिंह धोनी के बाद टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले वह दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा के बाद ऋषभ पंत को ही भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान माना जा रहा था, लेकिन इंजरी की वजह से उनका लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहना और इस दौरान शुभमन गिल का निरंतर उम्दा प्रदर्शन, पंत को कप्तानी की दौड़ में पीछे ले गया. ऋषभ पंत टेस्ट फॉर्मेट में भारत के लिए बेहद अहम हैं. वे तेजी से रन बनाते हुए मैच के परिणाम भारत के पक्ष में करते रहे हैं. पंत ने 48 टेस्ट मैचों की 84 पारियों में 8 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 3,456 रन बनाए हैं.

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह.

साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन

एडेन मार्कराम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, तेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, कायेल वेरिन (विकेटकीपर), साइमन हार्मर, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज.



Source link