अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ तहसील मुख्यालय के ग्राम धनपुरी तिराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल रेफर किया गया है। घटना रविवार शाम की है।
.
हादसे में दो लोग गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक राइडर राहुल सिंह (25, ग्राम पोड़की) करीब 10 फीट दूर जा गिरा। उसके सिर और कान में गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर सवार अरविंद मरावी (22, ग्राम भीमकुंडी) और दीपक नायक (24, ग्राम करपा) के हाथ-पैरों में चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस पहुंचने पर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह को प्राथमिक उपचार दिया गया।
डेढ़ घंटे तक नहीं आई दूसरी एम्बुलेंस
राहुल सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल शहडोल रेफर करने का निर्णय लिया। हालांकि, पहली एम्बुलेंस के चालक ने बताया कि उसका स्टीयरिंग जाम है और वह किरर घाट नहीं उतर पाएगी। इसके बाद डॉक्टरों को डेढ़ घंटे तक दूसरी एम्बुलेंस का इंतजार करना पड़ा।
डेढ़ घंटे बाद दूसरी एम्बुलेंस आने पर राहुल सिंह को शहडोल जिला चिकित्सालय रेफर किया जा सका। डॉक्टरों के अनुसार, राहुल सिंह को हेड इंजरी हुई है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।