IND vs SA: टीम इंडिया का एक गेंदबाज ऐसा है, जिसको साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में अभी तक एक भी विकेट नसीब नहीं हुआ है. गेंदबाजी में मानों इस गेंदबाज की धार बिल्कुल गायब ही हो गई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट की दो पारियों में इस गेंदबाज को एक भी विकेट नहीं मिला था. इसके बाद गुवाहाटी में जारी मौजूदा सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में भी ये गेंदबाज एक अदद विकेट के लिए तरस रहा है.
टीम इंडिया के इस गेंदबाज की धार हुई गायब!
भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज की तीन पारियों में अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है. बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए बॉलिंग ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को नंबर-3 पर बैटिंग के लिए उतार दिया था. वॉशिंगटन सुंदर ने इस टेस्ट मैच की पहली पारी में 29 रन और दूसरी पारी में 31 रन बनाए थे. हालांकि गेंदबाजी के मोर्चे पर वह फिसड्डी साबित हुए हैं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अभी तक नहीं मिला कोई विकेट
ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ एक ओवर ही फेंका और 3 रन दिए इस दौरान उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला. कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी में तो वॉशिंगटन सुंदर गेंदबाजी के लिए ही नहीं आए. गुवाहाटी में जारी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में अभी तक वॉशिंगटन सुंदर ने 14 ओवर फेंके हैं. वॉशिंगटन सुंदर ने इस दौरान 36 रन लुटाए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद गेंदबाजी में वॉशिंगटन सुंदर से बहुत उम्मीदें हैं. अगर वॉशिंगटन सुंदर विकेट नहीं निकालते हैं, तो इसका पूरा दबाव कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह पर पड़ता है.
गुवाहाटी टेस्ट का हाल
साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच में शानदार शुरुआत के बाद पहले दिन के अंत तक 6 विकेट गंवा दिए. मेहमान टीम ने 81.5 ओवरों के खेल तक 247 रन बना लिए हैं. टॉस जीतकर साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने बल्लेबाजी का फैसला लिया. पहले दिन की समाप्ति तक भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट निकाले हैं.