दमोह नगर पालिका के ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने अपनी ‘टीम उम्मीद’ के सदस्यों के साथ रविवार सुबह शहर की सर्किट हाउस पहाड़ी पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने पहाड़ी की साफ-सफाई की और लोगों से शहर को स्वच्छ रखने की अपील की।
.
यह अभियान सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चला। इसमें टीम उम्मीद के राकेश राठौर, महेंद्र सिंह लोधी, दीपक राजपूत, जितेंद्र अहिरवाल, धर्मेंद्र सोनी, स्वास्थ्य विभाग से पुनीत मिश्रा और स्कूली छात्र शामिल थे। दो घंटे के इस अभियान में पहाड़ी पर फैली गंदगी और सड़क के दोनों ओर जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया।
कचरे की 15 थैलियां भर गईं
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने बताया कि सफाई के दौरान 100 से अधिक शराब की बोतलें, भारी मात्रा में डिस्पोजल, गिलास, चिप्स, कुरकुरे और गुटखा के हजारों पैकेट और मूंगफली के छिलके मिले। इन सभी कचरे को हटाने में प्लास्टिक की 15 बड़ी थैलियां भर गईं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी काफी मात्रा में कूड़ा-कचरा मौजूद है।
कूड़ेदान लगाने की अपील की
पटेल ने कहा कि पहाड़ी को कचरा मुक्त करने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती बरतने और 20-20 मीटर की दूरी पर कूड़ेदान लगाने की अपील की। उन्होंने कलेक्टर सुधीर कोचर से मिलकर डस्टबिन लगवाने का प्रयास करने की बात भी कही, ताकि लोग स्वयं भी कचरा इधर-उधर न फेंकें।
हरीश पटेल ने इस स्थान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह शहर के बीचो-बीच एक सुंदर स्थान है, जिसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अन्य शहरों में ऐसे पहाड़ी स्थानों तक पहुंचने के लिए 20 से 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जबकि दमोह में यह पहाड़ी शहर के किसी भी कोने से 5 से 10 मिनट में पहुंच योग्य है। अभियान में सुबह सैर के लिए आने वाले कई युवाओं और बुजुर्गों ने भी स्वच्छता कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।
