Kane Williamson Return to New Zealand Test Squad: न्यूजीलैंड टीम के लिए बड़ी खुशखबरी आई है, क्योंकि टेस्ट टीम में 105 टेस्ट मैच खेलने वाला दिग्गज लौट आया है. वो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में गेंदबाजों के होश उड़ाता नजर आएगा. ये कोई और नहीं बल्कि स्टाइलिश बल्लेबाज केन विलियमसन हैं, जिन्होंने आखिरी टेस्ट दिसंबर 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था और अब वो कई महीनों के बाद टीम में वापस लौटे हैं.
24 नवंबर के दिन न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर में होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपना स्क्वॉड घोषित कर दिया है. जिसमें विलियमसन की वापसी हो गई है. लंबे समय से टेस्ट फॉर्मेट से दूर रहे विलियमसन एक बार फिर न्यूजीलैंड की सफेद जर्सी पहनने के लिए तैयार हैं, उनके टीम में लौटने से बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा.
चोटों के बाद मैदान पर वापसी
दरअसल, केन विलियमसन इस साल लगातार चोटों और वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से दूर रहे थे. पहले उन्होंने द हंड्रेड खेलने के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट सीरीज नहीं खेली और इसके बाद इंग्लैंड ODI सीरीज में भी उन्हें ग्रोइन की चोट लग गई थी. हालांकि अब वह पूरी तरह फिट हैं और टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर उत्साहित भी. टीम की कमान टॉम लैथम संभालेंगे.
केन विलियमसन की वासपी पर कोच ने जाहिर की खुशी
कोच रॉब वाल्टर ने केन विलियमसन की वापसी पर कहा ‘केन सिर्फ बल्लेबाज नहीं, एक बेमिसाल लीडर हैं. उनकी उपस्थिति ही टीम में आत्मविश्वास भर देती है. उनके पास रेड-बॉल क्रिकेट में लौटने के लिए पर्याप्त समय रहा है और वह पहले टेस्ट से पहले घरेलू मैच खेलकर फॉर्म में लय लाना चाहते हैं.
स्क्वॉड में कुछ पुराने चेहरे लौटे
न्यूजीलैंड टीम में दो साल बाद तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर भी वापसी करने में सफल रहे हैं. वहीं काइल जैमीसन अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए उन्हें फिलहाल टीम से बाहर रखा गया है. ग्लेन फिलिप्स भी पूरी फिटनेस हासिल नहीं कर सके और चयनकर्ताओं ने उन्हें इंतजार करने की सलाह दी है. दूसरी ओर डैरिल मिचेल, जो चोट के कारण ODI मैच मिस कर चुके थे, टीम में शामिल हो गए हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वॉड
टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडल, माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉलक्स, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, केन विलियमसन, विल यंग.