धनौरा में एक ही रात चार दुकानों में चोरी, पुलिस ने साला-जीजा को किया गिरफ्तार
सिवनी जिले के धनौरा थाना क्षेत्र के बाजार चौक में एक ही रात में चार दुकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दोपहर के समय दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी साला-जीजा हैं।
.
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों देर रात चोरों ने शराब दुकान का ताला तोड़कर शराब की पेटियां और नगदी चुरा ली थी। इसके अलावा, एक मोबाइल दुकान से मोबाइल फोन, एक चाय-पान की दुकान से सामग्री और नगदी, तथा एक बिरयानी की दुकान से भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी। धनौरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ ने बताया कि जांच के दौरान एक संदेही को पकड़ा गया।
पूछताछ में ग्वारी निवासी हरवंश सल्लाम ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि हरवंश चोरी करता था, जबकि उसका जीजा नीलेश करवेती चोरी की सामग्री को ठिकाने लगाने में मदद करता था। हरवंश पहले से ही निगरानीशुदा बदमाश है।
आरोपियों के पास से करीब चार हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शेष राशि कहां है, इसका पता नहीं चल पाया है। इस मामले में आगे की पूछताछ में कई और खुलासे होने की संभावना है।