धार में बुजुर्ग महिला से 4 लाख की ठगी: आशीर्वाद और दान के बहाने शातिर बदमाशों ने सोना लूटा – Dhar News

धार में बुजुर्ग महिला से 4 लाख की ठगी:  आशीर्वाद और दान के बहाने शातिर बदमाशों ने सोना लूटा – Dhar News


धार जिले के राजगढ़ नगर में गुरुवार को एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लगभग 4 लाख रुपए मूल्य की सोने की चेन और अंगूठी ठग ली गई। दो शातिर बदमाशों ने आशीर्वाद और दान का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने इससे पहले शहर में दो अन्य स्थानों पर भी

.

जानकारी के अनुसार, चबूतरा चौक निवासी मीना जैन गुरुवार को नया बस स्टैंड से सब्जी लेकर लौट रही थीं। आदर्श सड़क स्थित एक मेडिकल स्टोर के पास एक बाइक सवार ने उन्हें रोका और बताया कि कोई उन्हें बुला रहा है।

इसके बाद महिला लगभग 200 मीटर आगे गोगादेव मंदिर पहुंचीं। वहां उन्हें दूसरा बदमाश मिला, जिसने बताया कि मंदिर में एक व्यक्ति बैठा है जो उन्हें बुला रहा है।

मंदिर के अंदर मौजूद बदमाश ने महिला को दान करवाने का बहाना बनाकर अपने भरोसे में ले लिया। उसने कहा कि उसकी मां बीमार है और आशीर्वाद के लिए किसी वृद्ध महिला के हाथों 4 हजार रुपए का दान करवाना है। बदमाश ने 4 हजार रुपए महिला के हाथ में दिए।

उसने एक पुड़िया पर अपनी चेन रखते हुए महिला से भी उनकी सोने की चेन और अंगूठी वहां रखने को कहा। महिला ने विश्वास में आकर अपनी सोने की चेन और अंगूठी उस पुड़िया पर रख दी।

इसी दौरान, एक बदमाश बाहर चला गया और कुछ देर बाद दूसरा बदमाश भी मौके से फरार हो गया। जब महिला ने पुड़िया खोली, तो उसमें केवल कागज था और उनका सारा सोना गायब था।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें एक बदमाश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है।

राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।



Source link