बैतूल जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने चार थाना प्रभारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 27 नवंबर 2025 को जारी हुए हैं और तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
.
जारी सूची के अनुसार, आमला थाना प्रभारी राजेश सातनकर को भैंसदेही का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, शाहपुर थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को आमला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस लाइन में अटैच देवकरण डहरिया को शाहपुर थाने की कमान सौंपी गई है। जबकि, भैंसदेही के थाना प्रभारी सरविंद धुर्वे को पुलिस लाइन हाजिर कर दिया गया है।
आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना जिला मुख्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल को जिले में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि देवकरण डहरिया को मुल्ताई में हुए एक घटनाक्रम के बाद पुलिस लाइन भेजा गया था। राजेश सातनकर को चार माह पूर्व ही चोपना से आमला पदस्थ किया गया था, और सरविंद धुर्वे को भी उसी समय भैंसदेही का प्रभार मिला था।
इसके अतिरिक्त, कोतवाली से हटाए गए निरीक्षक रविकांत डहरिया और बबीता धुर्वे भी लंबे समय से पुलिस लाइन में हैं। महाराष्ट्र से सटे आठनेर जैसे संवेदनशील थाने में अजाक के टीआई विजय ठाकुर को अजाक और आठनेर दोनों का प्रभार दिया गया है।
हालांकि, उनके पुलिस बल के लिए पीएचक्यू से आदेश होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।