भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से गवांकर शर्मनाक रिकॉर्ड स्थापित कर दिया. टीम इंडिया साल 2025 में दूसरी बार अपने ही घर में व्हाइट वॉश हुई है. इसके साथ ही भारतीय टीम ने एक और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवाया है. यह ऐसा कलंकित रिकॉर्ड है, जो कि शायद ही कोई टीम अपने नाम करवाना चाहेगी. दरअसल टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल टेस्ट में 408 रनों से बुरी तरह से हार गई. क्रिकेट जगत में कई ऐसी टीमें रही हैं, जिन्हें टेस्ट क्रिकेट में भारी रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे टेस्ट क्रिकेट की उन टीमों को जिन्होंने सबसे ज्यादा रनों के अंतर से जीत हासिल की है.
इंग्लैंड है नंबर 1
सबसे ज्यादा रनों के फर्क से टेस्ट मैच जीतने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के टीम के नाम स्थित है. साल 1928 में खेले गए टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 742 रनों का लक्ष्य रखा. लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया बुरी तरह से नाकाम रही और इंग्लैंड ने ये मुकाबला 675 रनों के महाअंतर से जीतकर इतिहास रच दिया. ये मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में खेला गया था.
ऑस्ट्रेलिया का कमबैक
इंग्लैंड से टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 6 साल के अंदर दमदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को भी बुरी तरह से हराया. साल 1934 में द ओवल में खेले गए टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 562 रनों के अंतर से हराया. ये टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत थी.
बांग्लादेश ने भी कायम किया रिकॉर्ड
लिस्ट में नंबर 3 पर बांग्लादेश का नाम काबिज है. बांग्लादेश ने ये रिकॉर्ड आज से 2 साल पहले मीरपुर क्रिकेट ग्राउंड पर बनाया था. बता दें कि उन्होंने बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 546 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास में अपना नाम धाक से दर्ज कराया था. ये टेस्ट इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी जीत थी. बांग्लादेश ने इस रिकॉर्ड से सभी के होश उड़ा दिए थे.
कंगारुओं का जलवा
इस मामले में एक बार फिर कंगारू खिलाड़ियों का नाम है. साल 1911 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 530 रनों के बड़े अंतर से बुरी तरह रौंदा था. इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में ये रिकॉर्ड दूसरी बार कायम कर इतिहास रच दिया.
दक्षिण अफ्रीका नंबर 5
लिस्ट में पांचवें और आखिरी पायदान पर दक्षिण अफ्रीका का नाम शुमार है. साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पहुंची कंगारू टीम को अफ्रीका ने बुरी तरह से रौंदते हुए रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया. दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट इतिहास की पांचवी सबसे बड़ी जीत हासिल की. दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग में खेले गए मुकाबले में 492 रनों से शानदार जीत हासिल कर इतिहास बनाया.