ICU में 10 दिन तक लड़ी, अब नहीं रही बेटी, फीस लौटा दो… नेहा के पिता ने VIT यूनिवर्सिटी को भेजा मेल, वायरल

ICU में 10 दिन तक लड़ी, अब नहीं रही बेटी, फीस लौटा दो… नेहा के पिता ने VIT यूनिवर्सिटी को भेजा मेल, वायरल


Sehore News: VIT यूनिवर्सिटी में बीएससी छात्रा नेहा साहुकार (19) की मौत ने पूरे कैंपस को हिलाकर रख दिया है. पिता ने बेटी को खो दिया. पूरा परिवार सदमे है. इसी बीच पिता ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को एक ई-मेल भेजा और फीस वापस मांगी. इस मेल में नेहा का मृत्यु प्रमाणपत्र भी पिता ने भेजा है, जिसमें लिखा मौत का कारण यूनिवर्सिटी प्रबंधन की लापरवाही, हॉस्टल की खराब व्यवस्था को उजागर कर रहा है. इसके अलावा, इस मेल में पिता की भावुक अपील भी है, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

बिलासपुर निवासी नेहा के पिता सुनील कुमार साहुकार ने कॉलेज प्रबंधन को एक मेल भेजा है. मेल में उन्होंने लिखा, हम भारी मन से सूचित कर रहे हैं कि हमारी बेटी नेहा साहुकार का 24 नवंबर 2025 को शाम 4:29 बजे निधन हो गया. वह ICU में 10 दिन तक रही. उसके निधन को देखते हुए उसकी फीस वापस करने पर विचार करें. पिता ने मृत्यु प्रमाण पत्र भी भेजा, जिसमें Septic Shock, Abdominal Sepsis, Acute Fulminant Pulmonary Tuberculosis, ARDS और आंत में ट्यूबरक्युलर परफोरेशन के कारण की पुष्टि की गई है.

अप्रैल से होने लगी थी बीमार
सुनील साहुकार ने बताया, बेटी का वजन अप्रैल से ही घटने लगा था. कब्ज और भोजन न पचने की समस्या से जूझ रही थी. जुलाई में घर आने पर ब्लड टेस्ट में विटामिन की कमी और एनीमिया पाया गया. हमने कॉलेज न जाने की सलाह दी, लेकिन एग्जाम के कारण वह लौट गई. दिवाली पर घर आई तो हालत और खराब थी.”

मल्टी-ऑर्गन फेलियर हुआ
पिता ने बताया, 30 अक्टूबर को कॉलेज से फोन आया कि नेहा की तबीयत बिगड़ गई. बिलासपुर लाने पर जांच में आंत में गंभीर रुकावट (बाउल ऑब्स्ट्रक्शन) मिली, जो लंबे कब्ज से हुई. सर्जरी से पहले टेस्ट में प्रोग्रेसिव TB का पता चला, जो मई से विकसित हो रहा था. डॉक्टरों के अनुसार, विटामिन की भारी कमी और खराब भोजन ने इसे बिगाड़ दिया. सर्जरी के बाद मल्टी-ऑर्गन फेलियर हुआ.

तोकि छोटी बेटी तो पढ़ ले…
सुनील ने कहा, “नेहा हमेशा कहती थी कि छोटी बहन (कक्षा 6 में) को वह खुद से बेहतर पढ़ाई दिलाएगी. अब तो वो है नहीं. फीस वापस कर छोटी बेटी की पढ़ाई के लिए इस्तेमाल करेंगे, ताकि नेहा की इच्छा पूरी हो.”

प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर पहुंचीं VIT कॉलेज, छात्र-छात्राओं से मिलीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर VIT कॉलेज पहुंचीं और कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक कर पूरे प्रकरण की बिंदुवार समीक्षा की. बैठक के दौरान उन्होंने रजिस्ट्रार केके नायर से विस्तृत जानकारी ली. मीडिया से चर्चा में मंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि उन्होंने प्रबंधन का पक्ष सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. वहीं रजिस्ट्रार केके नायर ने कहा, मंत्री द्वारा पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद जो निर्देश दिए गए हैं, उनका कॉलेज प्रशासन पूरी तरह पालन करेगा.



Source link