भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होगा. टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच पहला वनडे इंटरनेशनल मैच रविवार को दोपहर 1:30 बजे से रांची में खेला जाएगा. इस मैच के साथ विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी इतिहास रच देगी. इस मुकाबले के साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली एक साथ सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे.
टूट जाएगा सचिन और द्रविड़ का ये महारिकॉर्ड
रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी इसी के साथ ही सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ का महारिकॉर्ड तोड़ देगी, जिन्होंने एक साथ 391 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने भी इतने ही मैच एक साथ खेले हैं. सचिन तेंदुलकर के अलावा, राहुल द्रविड़ ने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ 369 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. यह जोड़ी लिस्ट में दूसरे पायदान पर है. वहीं, सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले 367 इंटरनेशनल मुकाबलों में एक साथ नजर आ चुके हैं.
इतिहास रच देंगे विराट और रोहित
सचिन तेंदुलकर ने सौरव गांगुली के साथ 341 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. यह जोड़ी लिस्ट में चौथे स्थान पर है, जबकि विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की जोड़ी 309 मुकाबलों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज गंवाई है. ऐसे में टीम इंडिया सीमित ओवरों की सीरीज जीतकर साउथ अफ्रीका से हिसाब बराबर करना चाहेगी. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा, जिसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दूसरे मैच का आयोजन होगा.
वनडे इतिहास में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी
वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला विशाखापत्तनम के राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे इतिहास में साल 1991 से अब तक कुल 94 मैच खेले गए हैं, जिसमें साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है. साउथ अफ्रीकी टीम ने अब तक 51 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि भारत ने 30 मुकाबलों में जीत दर्ज की. इनके अलावा, 3 मुकाबले बेनतीजा रहे.
सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली टीम इंडिया की जोड़ी
1. रोहित शर्मा और विराट कोहली – 391 मैच
2. सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ – 391 मैच
3. राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली – 369 मैच
4. सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले – 367 मैच
5. सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली – 341 मैच