Last Updated:
Winter Tourist Place: मध्य प्रदेश का मांडू एक ऐसा शहर जहां ऊंची पहाड़ियों के बीच सदियों पुरानी प्रेम कहानी आज भी ज़िंदा है. यहां का रूपमती महल, ताजमहल की तरह ही अमर प्यार का प्रतीक माना जाता है. यह जगह कपल्स के लिए किसी सपनों की दुनियासे कम नहीं है.
मध्य प्रदेश के धार जिले में ऊंची पहाड़ी पर बसा खूबसूरत शहर मांडू, जिसे ‘सिटी ऑफ जॉय’ कहा जाता है, अपने रहस्यमयी किलों, शांत वातावरण और रोमांटिक लोकेशन की वजह से देश–विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है. विंध्याचल की ऊंची पहाड़ी पर बसा यह शहर सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक हर पल मोह लेता है.

यहां का रानी रूपमती महल मांडू की पहचान है. कहा जाता है कि राजा बाज बहादुर ने इसे रानी रूपमती के लिए बनवाया था. महल संगमरमर का नहीं है, लेकिन इसकी कहानी ताजमहल की तरह ही दिल को छूने वाली है. इसलिए इसे “मध्य प्रदेश का ताजमहल” भी कहा जाता है.

रानी रूपमती हर सुबह नर्मदा नदी के दर्शन के बाद ही भोजन करती थीं. रानी की इस इच्छा को पूरा करने के लिए राजा बाज बहादुर ने 3500 फीट ऊंची पहाड़ी पर यह महल बनवाया, जहां से नर्मदा एक पतली चमकीली रेखा की तरह नजर आती है. महल का हर झरोखा इसी प्रेम को बयान करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रानी की सुरक्षा के लिए राजा ने पास ही अपना महल भी बनवाया. दोनों महलों की वास्तुकला मुगल और मालवा शैली का सुंदर मेल है. मेहराबें, लंबी गलियारे और छतों से दिखने वाले नज़ारे आज भी पर्यटकों को सदियों पीछे ले जाते हैं.

मांडू में सिर्फ रूपमती महल ही नहीं, बल्कि कई जगहें ऐसी हैं जो पहली नज़र में ही दिल जीत लेती हैं. इनमें जहाज महल, हिंडोला महल, जमाली कमाली का परिसर, जाली महल और होशंग शाह का मकबरा प्रमुख है. जहाज महल अपनी अनोखी बनावट की वजह से फोटोग्राफी की पहली पसंद है. दो तालाबों के बीच खड़ा यह महल दूर से देखो तो पानी में तैरते जहाज जैसा लगता है.

हिंडोला महल भी बेहद आकर्षक है. इसकी झुकी हुई दीवारें इसे झूले जैसा आकार देती हैं. वहीं होशंग शाह का मकबरा हिंदुस्तान की शुरुआती संगमरमर संरचनाओं में शुमार है और ताजमहल के निर्माण की प्रेरणा भी माना जाता है. यह जगह इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों की पसंदीदा है.

इतिहास के साथ-साथ मांडू प्राकृतिक खूबसूरती के मामले में भी लाजवाब है. यहां की झीलें, जंगल, बादलों से ढकी पहाड़ियां और घुमावदार रास्ते कपल्स के लिए रोमांटिक मूड बनाने का पूरा माहौल देते हैं. ठंड के दिनों में यह शहर कोहरे की चादर ओढ़ लेता है. लगता है मानो बादलों के बीच ये शहर तैर रहा है.

मांडू पहुंचना बेहद आसान है. इंदौर और धार से सड़क मार्ग द्वारा यहां सीधे पहुंचा जा सकता है. मांडू के भीतर सभी प्रमुख पर्यटन स्थल करीब-करीब एक-दूसरे के पास हैं. रानी रूपमती महल भी शहर से महज 3.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां तक कार या लोकल गाड़ियों से आसानी से पहुंचा जा सकता है.