ग्वालियर के पनिहार से दो नाबालिग छात्र लापता हो गए हैं। घटना पनिहार स्थित बरई गांव में गुरुवार दोपहर 3:30 बजे की है। छात्रों ने अपनी मां से आधार कार्ड मांगा और गुजरात जाने की कहकर निकल गए। परिजन इसे मजाक समझते रहे लेकिन जब शाम तक वह नहीं लौटे त
.
ग्वालियर देहात में पनिहार थाना स्थित बरई गांव निवासी एक युवक ग्वालियर ग्लोरी स्कूल में कर्मचारी है। कर्मचारियों ने पनिहार थाना पहुंचकर सूचना दी है कि गुरुवार सुबह 6:30 बजे मैं स्कूल ड्यूटी के लिए निकल आया था। घर पर 15 वर्षीय बेटा था, जो दसवीं का छात्र है। उसकी मां और दादा-दादी थे। गुरुवार दोपहर 3:30 बजे बेटे ने मां से आधार कार्ड लिया और गुजरात जाने की कहकर निकल आया।
परिजन को लगा कि उसे कुछ काम होगा और गुजरात जाने की बात वह मजाक में कह गया होगा। जब शाम तक वह नहीं लौटा तो परिजन ने उसकी तलाश की छात्र का कहीं भी पता नहीं चला है। जब परिजन छात्र की तलाश करते-करते गांव के मिश्रा मोहल्ला पहुंचे तो पता लगा कि लापता छात्र का हम उम्र दोस्त भी अपने घर से गायब है। मामला गंभीर लगा तो दोनों के परिजन पनिहार थाने पहुंचे गुरुवार रात को बच्चों के लापता होने की सूचना दी है। लापताओं के नाबालिग होने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घर पर ही छोड़ गए मोबाइल
जब परिजनों ने छात्रों के मोबाइल पर कॉल किया तो पता लगा कि वह मोबाइल घर पर ही छोड़ गए हैं। दोनों ही लापता छात्रों के परिजनों का कहना है कि पता नहीं वह कहां चले गए हैं, यदि वह कहीं है और नाराज हैं तो लौट आए। घर पर कोई उन्हें कुछ नहीं कहेगा।
मामले में पनिहार थाना पुलिस का कहना है कि लापता छात्रों की तलाश की जा रही है। दोनों छात्रों के घर के आसपास के CCTV कैमरे भी देखे जा रहे हैं। जल्द बच्चों को तलाश लिया जाएगा।