धार PHE विभाग में वेतन कटौती पर कर्मचारियों का प्रदर्शन: कहा- अधिकारी दबाव बना रहे, अफसर बोले- कोर्ट के आदेश पर काटी सैलरी – Dhar News

धार PHE विभाग में वेतन कटौती पर कर्मचारियों का प्रदर्शन:  कहा- अधिकारी दबाव बना रहे, अफसर बोले- कोर्ट के आदेश पर काटी सैलरी – Dhar News


धार के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग में वेतन कटौती को लेकर 54 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने कार्यपालन यंत्री सुरेश चंद्र का वाहन रोककर विरोध प्रदर्शन किया।

.

कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर को बताया कि वेतन में बिना किसी स्पष्ट कारण के कटौती की जा रही है। इस कटौती से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, जिससे विभाग में नाराजगी बढ़ रही है।

कर्मचारी सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यपालन यंत्री सुरेश चंद्र वेतन काटकर कर्मचारियों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पहले से ही सीमित वेतन में अपने परिवार का गुजारा करते हैं।

वेतन कटौती कोर्ट के आदेश पर हुई

विरोध प्रदर्शन के दौरान, कार्यपालन यंत्री सुरेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि वेतन कटौती कोर्ट के आदेश के अनुसार की गई है। उन्होंने कहा कि इसमें उनका कोई व्यक्तिगत हस्तक्षेप नहीं है।

कर्मचारी बोले- कोर्ट के फैसले के दस्तावेज दिखाएं

हालांकि, कर्मचारियों ने कार्यपालन यंत्री के इस दावे को स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि उन्हें कोर्ट का कोई आदेश नहीं दिखाया गया है और यह कटौती विभागीय स्तर पर की गई है। कर्मचारियों ने मांग की है कि यदि यह कोर्ट का निर्णय है, तो संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।

वेतन कटौती बंद नहीं होने पर करेंगे धरना प्रदर्शन

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि वेतन कटौती तुरंत बंद नहीं की गई और उनका पूरा भुगतान बहाल नहीं किया गया, तो वे विभाग में धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि वे अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे और समाधान मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा।



Source link