अशोकनगर में बिजली के खंभे पर काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को कजराई और परासरी के बीच हुई। मृतक की पहचान बरेली जिले के प्रथवीपुर ममरापट्टी निवासी 27 वर्षीय पवन यादव पुत्र तोताराम के रूप में हुई है।
.
पवन अपने साथी के साथ एक बिजली ठेकेदार के लिए काम कर रहा था, जो बिजली विभाग के एक प्रोजेक्ट पर कार्यरत था। शुक्रवार को पवन और उसका एक साथी ट्रांसफार्मर के लिए बिजली के तारों पर काम कर रहे थे। पवन खंभे पर ऊपर चढ़ा हुआ था, जबकि उसका साथी पीछे से चढ़ रहा था।
युवक तारों के बीच लटक गया
इसी दौरान अचानक बिजली आने से पवन को करंट लगा और वह तारों पर ही लटक गया। उसके साथी को हल्का झटका लगा, जिससे वह तुरंत नीचे उतर गया और आधे खंभे से गिरकर बच गया। हालांकि, पवन यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक लाइन चालू होने से हादसा
मृतक पवन के साथी श्रीपाल ने बताया कि उनके अधिकारी ने उन्हें सूचित किया था कि परमिट लिया गया है और लाइन बंद है। वे दो तार खींच चुके थे और तीसरा तार खींच रहे थे, तभी अचानक बिजली आ गई और यह हादसा हो गया।
युवक को करंट लगा और वह तारों पर ही लटक गया
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिजली बंद करवाकर मृतक के शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां शव को पोस्टमॉर्टम गृह में रखा गया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
विद्युत कंपनी ने बताया कि परमिट कजराई फीडर का लिया गया था, जबकि काम कोलुआ फीडर पर किया जा रहा था। घटना के समय कजराई फीडर की लाइन बंद थी। लाइन बंद कराने की गलत जानकारी देने के कारण यह हादसा हुआ।