सतना जिले में शादी-विवाह और छोटे आयोजनों के बढ़ते मौसम के बीच सामुदायिक भवनों की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच चुकी है. कम बजट वाले परिवारों के लिए यह स्थान अब एक परफेक्ट वेन्यू बनकर उभर रहा है जहाँ सिर्फ ₹1416 में साफ-सुथरा हॉल, बेसिक फर्नीचर, पर्याप्त पानी, बिजली की सुविधा और पार्किंग जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं. हल्दी, मेहंदी, व्रतबंध, जनमास, जन्मदिन, भागवत और किटी पार्टी जैसे आदि कार्यक्रमों के लिए ये सामुदायिक भवन सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं.
नगर निगम सतना के 18 ऐसे भवन
नगर पालिका निगम सतना के राजस्व शाखा में कार्यरत शैलेंद्र कुमार गौतम ने लोकल 18 से कहा कि नगर निगम क्षेत्र के 42 वार्डों में कुल 18 सामुदायिक भवन, कम्युनिटी हॉल और टाउन हॉल स्थापित किए गए हैं. इनमें वार्ड 8 का टाउन हॉल, वार्ड 41 का कम्युनिटी हॉल जयस्तंभ चौक, वार्ड 32 का मंगल भवन धवारी गली नंबर 1 समेत वार्ड 01, 07, 10, 13, 16, 17, 18, 22, 23, 27, 33, 34, 38, 42, 43 आदि वार्डों में स्थित भवन शामिल हैं. इन भवनों को व्यक्तिगत कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और पारिवारिक कार्यों के लिए नियमित रूप से बुक किया जा रहा है.
आसान प्रक्रिया, लिखित आवेदन से शुरू होती है बुकिंग
सामुदायिक भवनों की बुकिंग प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है. इसके लिए आवेदक को नगर निगम आयुक्त के नाम एक लिखित आवेदन जमा करना होता है. आयुक्त की स्वीकृति के बाद आवेदन वापस राजस्व शाखा में पहुँचता है जहाँ से संबंधित उपभोक्ता को कॉल कर बुकिंग की पुष्टि की जाती है. शैलेंद्र गौतम बताते हैं कि भवनों की राशि जीएसटी सहित ली जाती है और एक-एक भवन पर एक सुरक्षा गार्ड नियुक्त रहता है. गार्ड के पास चाबी रहती है और कार्यक्रम से पहले साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी उसी की होती है.
सबसे महंगा टाउन हॉल ₹11800–₹17700
सतना नगर निगम में सबसे कम दर वाला सामुदायिक भवन ₹1416 में बुक होता है.वहीं सबसे महंगा टाउन हॉल है जिसकी एक दिन की बुकिंग सामान्य कार्यों के लिए ₹11800 और व्यावसायिक आयोजनों के लिए ₹17700 तय है खास बात यह है कि पानी, बिजली और सफाई की सुविधा इसी राशि में शामिल होती है. उपभोक्ता चाहें तो अपनी इच्छा अनुसार अतिरिक्त सजावट या डेकोरेशन भी करवा सकते हैं.यदि किसी दिन सरकारी कार्यक्रम निर्धारित हो जाए और उसी भवन में पूर्व बुकिंग हो तो बुकिंग स्वतः रद्द कर दी जाती है और उपभोक्ता को पूरा रिफंड लौटा दिया जाता है. कम कीमत में उपलब्ध सुविधाजनक वेन्यू की वजह से सामुदायिक भवन अब सतना जिले के परिवारों की पहली पसंद बन चुके हैं.