Last Updated:
Arjun Tendulkar yorker: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में गोवा के लिए खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर ने चंडीगढ़ के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने एक ऐसी यॉर्कर डाली, जिस पर बल्लेबाज पुरी तरह से गच्चा खा गया और पैर के बीच से गेंद ने विकेट को उखाड़ दिया. सोशल मीडिया पर अर्जुन तेंदुलकर का ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
नई दिल्ली: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन घरेलू क्रिकेट में दमदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं. अर्जुन फिलहाल सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में गोवा के लिए खेल रहे हैं. गोवा की तरफ से अर्जुन गेंदबाजी के साथ-साथ ओपनिंग बल्लेबाज की भी भूमिका निभा रहे हैं. उनका हालिया मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में चंडीगढ़ के खिलाफ था, जिसमें वह बल्लेबाजी में तो कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन बॉलिंग में उन्होंने कमाल कर दिया.
चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में अर्जुन ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट झटके. इस दौरान अर्जुन ने एक ऐसी गेंद पर विकेट हासिल किया, जिसे देखकर बल्लेबाज के भी होश उड़ गए. अर्जुन की गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने अपने पहले ही ओवर में चंडीगढ़ के कप्तान शिवम भांबरी को आउट करके विकेट का खाता खोला. इसके बाद उन्होंने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अर्जुन आजाद को चलता किया. उनका तीसरा विकेट 16वें ओवर में जगजीत सिंह के रूप में आया, जिसे अर्जुन ने अपनी घातक यॉर्कर से बोल्ड किया था.
अर्जुन को भी नहीं हुआ था यकीन
अर्जुन ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक ऐसा अचूक यॉर्कर डाला की बल्लेबाज को संभलने तक का मौका नहीं मिला. बुलेट की रफ्तार से गेंद जगजीत सिंह के पैरों के बीच से निकलते हुए लेग स्टंप को हवा में उड़ा दिया. अर्जुन की ये गेंद इतनी शानदार थी कि उन्हें खुद भी यकीन नहीं हो रहा था. यही वजह कि सोशल मीडिया पर अब अर्जुन तेंदुलकर की ये बुमराह से भी घातक यॉर्कर तेजी से वायरल हो रहा है.
View this post on Instagram
कितने रन से गोवा ने जीता मैच
अर्जुन तेंदुलकर की घातक गेंदबाजी से गोवा ने चंडीगढ़ को 52 रन से हराया. मैच में गोवा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ललित यादवी की बेहतरीन 83 रनों की पारी से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में चंडीगढ़ 19 ओवर में 121 रन बनाकर सिमट गई.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें