टीम इंडिया के दो धाकड़ बल्लेबाज शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोट के कारण क्रिकेट के मैदान से दूर हैं. भारतीय वनडे टीम के कप्तान और उपकप्तान की फिटनेस को लेकर अब टीम मैनेजमेंट की तरफ से बड़ा अपडेट सामने आया है. टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की रिकवरी पर पॉजिटिव अपडेट दिए, हालांकि दोनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. शुभमन गिल गर्दन की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं, जबकि श्रेयस अय्यर ने पेट की समस्या के लिए अपना रिहैबिलिटेशन शुरू कर दिया है.
कब होगी शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की वापसी?
टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने 30 नवंबर को रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच से पहले शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की रिकवरी पर उम्मीद जगाने वाले अपडेट शेयर किए हैं. इस वनडे सीरीज से शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर दोनों ही क्रिकेटर चोट के कारण बाहर हैं और तीनों मैच नहीं खेल पाएंगे. रांची वनडे से पहले मीडिया से बात करते हुए मोर्ने मोर्कल ने शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की प्रोग्रेस को लेकर उम्मीद जताई और कहा कि उनके रिहैबिलिटेशन के बारे में बातचीत अच्छी रही है.
अचानक सामने आ गया बड़ा अपडेट
मोर्ने मोर्कल ने कहा, ‘मैंने दो दिन पहले शुभमन गिल से बात की थी, बस हालचाल जानने के लिए और वह ठीक हो रहे हैं, यह सुनकर अच्छा लगा. श्रेयस अय्यर ने भी अपना रिहैब शुरू कर दिया है, जो बहुत अच्छा है. हम उनके टीम में वापस आने का इंतजार कर रहे हैं. अच्छी बात यह है कि वे स्वस्थ हैं और टीम में वापस आने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर रहे हैं.’ शुभमन गिल को कोलकाता में पहले टेस्ट के दौरान साइमन हार्मर के खिलाफ स्वीप करने की कोशिश में गर्दन में चोट लग गई थी, जिससे वह टेस्ट सीरीज और ODI सीरीज दोनों से बाहर हो गए.
श्रेयस अय्यर की वापसी में समय लगेगा
श्रेयस अय्यर की चोट ज्यादा गंभीर थी. 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे मैच में डाइविंग कैच की कोशिश करते समय श्रेयस अय्यर को पेट की पसलियों में चोट लग गई थी, जिससे उन्हें अंदरूनी ब्लीडिंग हुई थी, इसके बाद सिडनी में उनकी सर्जरी करानी पड़ी थी. हालांकि श्रेयस अय्यर का रिहैब शुरू हो गया है, लेकिन उनकी पूरी वापसी में अभी कुछ समय लगेगा.
अफ्रीकी टीम खतरनाक
भारत पर 2-0 की टेस्ट सीरीज स्वीप के बाद साउथ अफ्रीका के हालिया दबदबे पर मोर्ने मोर्कल ने भी बात की. उन्होंने कहा, ‘रंगीन कपड़े और गेंद बदलने से अलग एनर्जी आती है, लेकिन साउथ अफ्रीका में मोमेंटम है, और कॉन्फिडेंट अफ्रीकी टीम खतरनाक है. हमारे लिए, अगले एक-दो हफ्ते में अच्छी शुरुआत करना और पिछले कुछ हफ्तों को पीछे छोड़ना जरूरी है.’ भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होगा. टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच पहला वनडे इंटरनेशनल मैच रविवार को दोपहर 1:30 बजे से रांची में खेला जाएगा.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.