Harmanpreet Kaur Yuvraj Singh: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह को बड़ा सम्मान मिलने वाला है. पिछले महीने महिला टीम को पहली बार वर्ल्ड कप दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत के नाम पर मोहाली के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा. कुछ ऐसा ह सम्मान युवराज को मिलने वाला है. वह 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीत के हीरो हैं. उनके नाम पर भी स्टैंड का उद्घाटन होगा.
हरमन-अमनजोत को मिलेगी इनामी राशि
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने इसका ऐलान कर दिया है. स्टैंड का नाम रखने के अलावा हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर को इनामी राशि भी दी जाएगी. पीसीए के कार्यवाहक सचिव सिद्धार्थ शर्मा ने आईएएनएस से कहा, ”इन खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप जीतने के लिए सम्मानित किया जा रहा है. हमने उनके नाम पर एक स्टैंड की घोषणा की है. 11 दिसंबर को भारत-साउथ अफ्रीका मैच में इसका उद्घाटन होगा.”
पीसीए की ओर से भेंट
सिद्धार्थ शर्मा ने कहा, ”यहां दो बार के वर्ल्ड कप चैंपियन युवराज सिंह के नाम से स्टैंड का भी उद्घाटन होगा. हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर को इनामी राशि दी जाएगी. यह स्टैंड न्यू मुल्लापुर में नए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगा. यह उनके लिए एक छोटी सी चीज है, उन्होंने पूरे देश को विश्व कप खिताब जिताया है. यह उनकी उपलब्धि के लिए हमारी तरफ से एक छोटी सी भेंट है.”
ये भी पढ़ें: बड़ा विवाद: ICC ने पिच को बताया ‘वेरी गुड’ तो भड़का ये क्रिकेटर, अपने ही ग्राउंड पर उठाई उंगली, अब होगी कार्रवाई
महिला क्रिकेट को बढ़ावा
सिद्धार्थ शर्मा मानते हैं कि इन महिला खिलाड़ियों को देखकर ही युवा लड़कियां भी इस खेल से जुड़ेंगी. उन्होंने कहा, ”महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिगेज जैसी खिलाड़ियों को देखकर ही युवा आगे आएंगी. इससे उन्हें प्रेरणा मिलेगी. जब युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी, तभी महिला क्रिकेट आगे बढ़ेगा.” हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने नवी मुंबई में 2 नवंबर को खेले गए महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 52 रन से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया था. यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहला विश्व कप खिताब था.