Last Updated:
Sanju Samson: विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल के लिए दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच में तबाही मचा दी. संजू सैमसन ने केरल के लिए 287 के स्ट्राइक रेट से 43 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान संजू ने सिर्फ 15 गेंद का सामना किया. संजू की इस दमदार बल्लेबाजी से केरल को एक आसान जीत मिली.
नई दिल्ली: भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के बीच टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी धूम मचा रहे हैं. अभिषेक शर्मा की तूफानी शतकीय पारी के बाद केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान संजू सैमसन ने धुआंधार बैटिंग से धमाल मचाया. छत्तीसगढ़ के खिलाफ एलीट ग्रुप ए में खेले गए मैच में संजू सैमसन ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए सिर्फ 15 गेंद में 43 रन कूट दिए. अपनी इस पारी में संजू ने 286.66 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 छक्के और 2 चौके भी लगाए. संजू ने अपनी इस कप्तानी पारी से केरल को 8 विकेट से जीत दिलाई.
कैसी थी छत्तीगढ़ की केरल के खिलाफ बल्लेबाजी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस मुकाबले में केरल के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतने के बाद छत्तीसगढ़ को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में छत्तीसगढ़ की बल्लेबाजी बहुत ही साधारण रही. करेल की घातक गेंदबाजी के आगे छत्तीसगढ़ की टीम 19.5 ओवर के खेल में सिर्फ 120 रन बनाकर सिमट गई.
छत्तीसगढ़ की तरफ से कप्तान अमनदीप खरे सबसे ज्यादा 37 गेंद में 41 रनों की पारी खेली. इसके अलावा संजीत देसाई ने 23 गेंद में 35 रन बनाए, जबकि शशांक चंद्राकर ने 17 रनों का योगदान दिया. इन तीन के अलावा और कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर पाया.
केरल के लिए किसने लिए सबसे ज्यादा विकेट
वहीं गेंदबाजी की बात करें तो केरल की तरफ से केएम आसीफ ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया. आसीफ ने तीन ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा अंकित शर्मा और विग्नेश पुथुर ने केरल के लिए दो-दो विकेट निकाले, जबकि सरफाउद्दिन, मोहम्मद निधीश और अब्दुल बासिथ के खाते में एक-एक विकेट आया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें