मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। यदि कार्यक्षमता बढ़ानी है, तो शारीरिक फिटनेस प्राथमिकता होनी चाहिए। वे शनिवार को मीडिया
.
उन्होंने कहा कि मैं ब्रांडिंग नहीं कर रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आप सुबह 8, 9 या 10 बजे देखें, या रात 1-2 बजे, उनका चेहरा हमेशा एक जैसा ऊर्जा से भरा रहता है। इसका कारण है कि वे व्यस्तता के बाद भी रोज डेढ़ घंटा अपनी सेहत पर देते हैं। गृह मंत्री अमित शाह भी इसी नियम का पालन करते हैं।”
कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि वे स्वयं पिछले 50 वर्षों से नियमित एक्सरसाइज करते हैं। “मेरी शारीरिक फिटनेस का स्तर वही है, जो 50 साल पहले था। मेरे टेलर के दादाजी ने जो नाप लिया था, वही आज भी है।” उन्होंने कहा कि फिटनेस के प्रति इंदौर ही नहीं, पूरी दुनिया में जागरूकता बढ़ी है। कॉर्पोरेट जगत के लोग भी स्वास्थ्य और योग के लिए ट्रेनर रखते हैं और कई उद्योगपति बाबा रामदेव के योग सत्र में शामिल होते हैं।
मैराथन के बारे में जानकारी देते कैलाश विजयवर्गीय।
महिलाओं और युवाओं में बढ़ी फिटनेस जागरूकता विजयवर्गीय ने कहा कि यदि कोई अच्छा काम करना चाहता है, बेहतर निर्णय लेना चाहता है, तो स्वस्थ शरीर आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इंदौर में अब लगभग हर मैदान और गार्डन में सुबह-शाम सैकड़ों लोग वॉक और रनिंग करते दिखाई देते हैं।“इंदौर स्वच्छता के बाद अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अग्रणी बनने की ओर बढ़ रहा है।”
वह एकेडमी ऑफ इंदौर मैराथनर्स (AIM) के संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि यह मैराथन पिछले 11 साल से फरवरी के पहले रविवार को “फिटनेस उत्सव” के रूप में आयोजित की जाती रही है।इस वर्ष की थीम है-“दिल से दौड़े, दिल के लिए”।
इंदौर को फिटनेस की राजधानी बनाएंगे
AIM के अध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य इंदौर को भारत की फिटनेस राजधानी बनाना है। रनिंग सीखने वालों के लिए AIM द्वारा रनर्स क्लीनिक में रोज सुबह 6 से 7.30 बजे तक निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सचिव सुमित रावत ने कहा कि मैराथन ने शहर में फिटनेस की गहरी समझ विकसित की है।“आज सैकड़ों लोग, जो पहले 100 मीटर भी नहीं दौड़ पाते थे, अब हॉफ और फुल मैराथन में हिस्सा ले रहे हैं। कई डॉक्टर भी रनिंग अपनाकर मरीजों को इसकी सलाह देते हैं।”
21 और 10 किमी धावकों को इलेक्ट्रॉनिक चिप लगे बिब
रेस डायरेक्टर विजय सोहनी ने बताया कि रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। प्रतिभागी www.indoremarathon.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। निर्धारित संख्या पूरी होते ही रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए जाएंगे। दौड़ चार श्रेणियों में होगी-
- 3 किमी – यशवंत क्लब से
- 5 किमी – राजवाड़ा से
- 10 किमी और 21 किमी – नेहरू स्टेडियम से, सभी रेस की समाप्ति नेहरू स्टेडियम पर होगी।
21 और 10 किमी श्रेणी के प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक चिप लगे बिब दिए जाएंगे, जबकि अन्य को साधारण बिब। मार्ग में पर्याप्त हाइड्रेशन पॉइंट रहेंगे। पेसर्स (अनुभवी धावक) प्रतिभागियों को समय पर रेस पूरी करने में मदद करेंगे। रोजाना वॉक करने वाले लोग भी 3 या 5 किमी रन में भाग लेकर मेडल और फिटनेस अवॉर्ड पा सकते हैं।