शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। यह घटना 29 नवंबर 2025 की रात करीब 8:10 बजे हुई। 14 वर्षीय छात्रा ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
.
छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह कोचिंग से घर लौट रही थी। लक्ष्मीनगर स्थित हनुमान मंदिर के पास रोहित नामक युवक ने उससे जबरन बात करने की कोशिश की। जब छात्रा ने मना किया तो उसने उसका हाथ पकड़ लिया।
इसी दौरान छात्रा की मां मौके पर पहुंचीं और उन्होंने समझाने का प्रयास किया। इस पर आरोपी रोहित ने गाली-गलौच शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद योगेश और 2-3 अन्य युवक भी वहां आ गए। सभी ने मिलकर छात्रा की मां के साथ मारपीट की, जिसमें उनका मंगलसूत्र और चेन टूट गई।
इस घटना में छात्रा के भाई को भी चोटें आई हैं, जबकि मां के गले और सिर में चोट लगी है। आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने छात्रा के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1)(i), 115(2), 296, 351(3), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।