सीहोर के भैरुंदा पुलिस ने रविवार को ‘मुस्कान विशेष अभियान’ के तहत दो साल से लापता एक नाबालिग लड़की को ढूंढ निकाला है। उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
.
नाबालिग के परिजनों ने 7 अप्रैल 2023 को भैरुंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी करीब 16 साल 11 महीने की बेटी 28 मार्च 2023 को अपने मामा के घर जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
इस रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुरुआती प्रयासों के बावजूद नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सीहोर दीपक शुक्ला ने नाबालिग की बरामदगी और अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने बालिका की खोज के लिए नकद इनाम की घोषणा भी की थी।
एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी ने नाबालिग बालिका की तलाश के लिए एक टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी सहायता का उपयोग किया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, नाबालिग को आरोपी नितेश पिता बलीराम, निवासी निबोदिया, जिला सागर के कब्जे से बरामद किया गया। नाबालिग के बयान दर्ज करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी नितेश को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।