भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली वर्ल्ड कप 2027 में खेलेंगे या नहीं, अब इन अटकलों को लेकर टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ कर दिया है. विराट कोहली भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के टॉप महान बल्लेबाजों में शुमार हैं. बता दें कि विराट कोहली के शतक के दम पर भारत ने साउथ अफ्रीका को रांची में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में 17 रन से हरा दिया. टीम इंडिया ने इसी के साथ ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है.
विराट कोहली खेलेंगे 2027 वर्ल्ड कप?
विराट कोहली ने इस मैच में अपने पुराने दिनों की याद ताजा करते हुए बेहतरीन शतक ठोका. विराट कोहली ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का 52वां और ओवरऑल इंटरनेशनल करियर का 83वां शतक ठोका. विराट कोहली की इस पारी के बाद अब उनके वर्ल्ड कप 2027 में खेलने की मांग उठने लगी है. टीम इंडिया के बैटिंग कोच सीतांशु कोटक ने विराट कोहली के ODI भविष्य को लेकर लग रही अटकलों को पूरी तरह से खारिज कर दिया और उनके मौजूदा फॉर्म, फिटनेस और अहम योगदान पर जोर दिया.
‘कोच’ ने कर दिया ‘दूध का दूध और पानी का पानी’
टीम इंडिया के बैटिंग कोच के मुताबिक 2027 वर्ल्ड कप के बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी, क्योंकि टीम अभी के परफॉर्मेंस पर फोकस कर रही है. सीतांशु कोटक ने विराट कोहली की हालिया सेंचुरी को उनकी वैल्यू का सबूत बताया और भरोसा दिलाया कि यह अनुभवी बल्लेबाज भारत की योजनाओं के सेंटर में बना रहेगा. सीतांशु कोटक ने कहा, ‘मुझे सच में नहीं पता कि हमें यह सब देखने की जरूरत क्यों है. वह (विराट कोहली)बहुत अच्छी बैटिंग कर रहे हैं. हमें उसके भविष्य के बारे में बात करने की क्या जरूरत है? जिस तरह से वह परफॉर्म कर रहे हैं, जिस तरह से उसकी फिटनेस है, किसी भी चीज पर कोई सवाल नहीं है.’
2027 के बारे में बिल्कुल भी बात नहीं कर रहे
सीतांशु कोटक ने कहा, ‘वह शानदार हैं, यार. जब तक वह इसी तरह बैटिंग करते रहेंगे, किसी और चीज के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है.’ सीतांशु कोटक ने आगे कहा कि न तो खिलाड़ी और न ही स्टाफ अभी 2027 वर्ल्ड कप के बारे में सोच रहे हैं. सीतांशु कोटक ने कहा, ‘वे (विराट कोहली और रोहित शर्मा) शानदार हैं, वे परफॉर्म कर रहे हैं, और वे टीम में कंट्रीब्यूट कर रहे हैं. हम 2027 के बारे में बिल्कुल भी बात नहीं कर रहे हैं.’
रोहित और कोहली की बहुत वैल्यू
सीतांशु कोटक ने विराट कोहली की पीठ में हल्की अकड़न की चिंताओं को भी खारिज करते हुए कहा, ‘जहां तक मुझे पता है, वह ठीक हैं.’ सीतांशु कोटक ने टेस्ट सीरीज में हार के बाद Playing XI में रोहित और कोहली दोनों के वापस आने की बहुत बड़ी वैल्यू पर जोर दिया. सीतांशु कोटक ने कहा, ‘वे बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं. जिस तरह से वे बैटिंग करते हैं, जो पार्टनरशिप बनाते हैं, उससे बहुत फर्क पड़ता है. वे अपना अनुभव युवा खिलाड़ियों के साथ शेयर करते हैं और यह अपने आप में एक बड़ा फायदा है.’