सिंगरौली में खाद-बीज की मनमानी कीमत पर होगी FIR
सिंगरौली जिले में रबी सीज़न के चलते खाद एवं बीज की बिक्री पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर कृषि और राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया।
.
यह निरीक्षण सरई, देवसर, माडा क्षेत्र के साथ ही बैढ़न शहर के बेलौजी, माजन मोड़, तेलाई और परसौना इलाकों की दुकानों पर किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश दुकानदार निर्धारित दर पर ही खाद और बीज बेचते पाए गए। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कोई भी व्यापारी किसानों से मनमानी कर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली का प्रयास न करे।
उप संचालक कृषि मनोज सिंह ने बताया कि गठित जांच दल लगातार निगरानी कर रहा है। किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई दुकानदार कालाबाजारी या अधिक मूल्य पर बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध लाइसेंस निलंबन के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कर पुलिस थाने में मामला भेजा जाएगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद-बीज जैसी आवश्यक कृषि सामग्री पर अवैध कमाई करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन कठोर कदम उठाने को पूरी तरह तैयार है।
यह भी सामने आया कि जब अधिकारी निरीक्षण के लिए इलाकों में पहुंचे, तो कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग गए। प्रशासन ने आम जनता और किसानों से अपील की है कि यदि कहीं भी निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिले, तो तुरंत कृषि विभाग या राजस्व विभाग को सूचित करें, ताकि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।