India vs South Africa: टीम इंडिया फिलहाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेल रही है. पहला वनडे रविवार को रांची में खेला गया ,जहां भारत ने रोमांचक मुकाबले में 17 रनों से जीत हासिल की. दूसरा मैच बुधवार (3 दिसंबर) और तीसरा ODI शनिवार (6 दिसंबर) को विशाखापत्तनम में होगा. इसके बाद भारत-साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी.
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और टेस्ट-वनडे के कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस पर बड़ा अपडेट आया है. दोनों खिलाड़ी चोट की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही ODI सीरीज से बाहर हैं. शुभमन को कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद वो दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए थे. वहीं, हार्दिक एशिया कप के दौरान घायल हुए थे.
वापसी को तैयार हार्दिक पांड्या
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विस्तारित रिहैब चरण पूरा करने के बाद भारत की T20I टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं. BCCI ने हार्दिक को खेलने के लिए हरी झंडी दे दी है. अपनी वापसी के अगले चरण में, हार्दिक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा का प्रतिनिधित्व करेंगे. घरेलू मैचों का चयन विशेष रूप से यह जानने के लिए किया गया है कि उनकी गेंदबाजी लगातार मैचों की मांगों को झेल सकती है या नहीं. उनके 2 दिसंबर को पंजाब और 4 दिसंबर को गुजरात के खिलाफ खेलने की उम्मीद है और 6 दिसंबर को हरियाणा के खिलाफ संभावित तीसरा मैच भी नियोजित कार्यक्रम का हिस्सा है. ये मैच किसी भी अंतरराष्ट्रीय वापसी से पहले उनकी तैयारी का व्यावहारिक परीक्षण हैं.
शुभमन को करना होगा इंतजार?
शुभमन गिल को 1 दिसंबर को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पहुंचेंगे. यहां पर भारतीय कप्तान अपनी चोट का रिहैब शुरू करेंगे। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, 50 प्रतिशत संभावना है कि गिल को सीओई द्वारा क्लीन चिट मिल जाएगी और वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे। बता दें कि वनडे सीरीज के बाद, भारत और दक्षिण अफ्रीका पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेंगे। पहला मैच 9 दिसंबर को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका T20I सीरीज का शेड्यूल
9 दिसंबर- भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला T20I, कटक
11 दिसंबर- भारत बनाम साउथ अफ्रीका दूसरा T20I, चंडीगढ़
14 दिसंबर- भारत बनाम साउथ अफ्रीका तीसरा T20I, धर्मशाला
17 दिसंबर- भारत बनाम साउथ अफ्रीका चौथा T20I, लखनऊ
19 दिसंबर- भारत बनाम साउथ अफ्रीका पांचवां T20I, अहमदाबाद