कृषि बिजली सप्लाई का समय एक बार फिर बदलने से धामनोद क्षेत्र के किसान नाराज हो गए हैं। विद्युत मंडल ने पहले मिलने वाली 10 घंटे की दिन की सप्लाई को बदलकर अब 6 घंटे दिन और 4 घंटे रात में देने का फैसला किया है।
.
इस नए शेड्यूल का विरोध जताने के लिए मंगलवार रात 9 बजे के बाद बड़ी संख्या में किसान थाने पहुंचे और थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे को ज्ञापन सौंपा।
किसान बोले- सप्लाई पूर्ववत नहीं हुई तो करेंगे घेराव
किसानों ने ज्ञापन में स्पष्ट कहा कि यदि बिजली सप्लाई का समय पहले जैसा नहीं किया गया, तो वे विद्युत मंडल का घेराव करेंगे और क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराने पर मजबूर होंगे। किसानों का कहना है कि कृषि कार्यों के लिए लगातार 10 घंटे दिन की बिजली बेहद जरूरी है, ताकि सिंचाई कार्य सुचारू तरीके से हो सके।
एक सप्ताह पहले भी हुआ था विवाद
यह समस्या नई नहीं है। एक सप्ताह पहले भी विद्युत मंडल ने यही बदलाव किया था। उस समय परेशान किसान कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे, जिसके बाद एसडीएम प्रमोद गुर्जर और कार्यपालन यंत्री आर.एल. धाकड़ ने मुख्य अभियंता से बात कर 10 घंटे दिन की सप्लाई पुनः बहाल कराने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद किसान शांत हुए थे।
फिर बदला शेड्यूल, बढ़ा आक्रोश
इसके बावजूद मंगलवार शाम को एमपीईबी के आधिकारिक ग्रुप में फिर से सूचना जारी हुई कि अब सप्लाई 6 घंटे दिन और 4 घंटे रात में मिलेगी। इस सूचना ने किसानों को दोबारा आक्रोशित कर दिया।
किसानों ने बताया कि एसडीएम ने पहले कहा था कि किसी भी आंदोलन से पहले सूचना देना आवश्यक है। इसी निर्देश का पालन करते हुए किसान अपनी नाराजगी और आगामी आंदोलन की जानकारी देने थाने पहुंचे।