थाने में कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी और कर्मचारी।
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। खेत से घर लौटते समय आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
.
यह घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है। 22 वर्षीय पीड़िता अपने खेत से पैदल घर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी ने उसे रोका और सुनसान जगह का फायदा उठाकर खेत की ओर खींच ले गया।
पीड़िता ने मदद के लिए चीख-पुकार की, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ पीड़िता जैतपुर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कई धाराओं में केस दर्ज
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी भी उसी गांव का रहने वाला है। पीड़िता के बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।