वैभव सूर्यवंशी का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव ने एक बार फिर बल्ले से हल्ला बोला. उन्होंने धुआंधार अंदाज में शतक लगाया, जिसका शोर चरम पर देखने को मिला. लेकिन इसी के साथ वैभव ने एक प्रचंड रिकॉर्ड भी कायम किया है जिसके बारे में उतनी बात नहीं हो रही है. 14 साल के इस खिलाड़ी ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए एलीट ग्रुप B मैच में महाराष्ट्र के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए. उनकी पारी में सात चौके और सात छक्के शामिल थे.
धांसू फॉर्म में वैभव
सूर्यवंशी ने इन दिनों गेंदबाजों का काल बनकर बरस रहे हैं. उन्होंने सिर्फ 16 T20 पारियों में तीन शतक लगाए हैं. उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया है सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 18 साल के इतिहास में कभी नहीं देखने को मिला है. टी20 फॉर्मेट में तीन शतक तक पहुंचने के लिए सबसे कम पारियों में खेलने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं. टॉप दो जगहों पर ऑस्ट्रेलिया के इयान हार्वे और समोआ के डेरियस विसर एक साथ हैं. दोनों ने 11 पारियों में तीन T20 शतक बनाए हैं.
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कभी नहीं हुआ ऐसा
ताबड़तोड़ शतक के बाद सूर्यवंशी टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. उन्होंने 14 साल और 250 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाया. उनके लिए 2025 यादगार साबित हुआ है. उनके नाम इस साल टी20 में तीन T20 शतक हो गए हैं, जिससे वह इस साल अभिषेक शर्मा के साथ भारतीय खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. आयुष म्हात्रे और ईशान किशन के नाम दो-दो शतक हैं.
ये भी पढ़ें.. एशेज के बीच अनहोनी… 6655 रन बनाने वाले क्रिकेटर का निधन, क्रिकेट जगत में छाया मातम
पृथ्वी शॉ ने खींचा ध्यान
बिहार ने वैभव की 108 रन की पारी के बाद भी 176 रन बोर्ड पर टांगे. ये टोटल काफी साबित नहीं हुआ. महाराष्ट्र के कप्तान पृथ्वी शॉ ने टॉप ऑर्डर में 30 गेंदों में 66 रन बनाकर टीम को लीड किया. IPL 2025 ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद शॉ IPL टीमों का ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं. उनकी तेज शुरुआत ने महाराष्ट्र को शुरुआती कंट्रोल दिया. टीम ने तीन विकेट बाकी रहते और एक ओवर बाकी रहते टारगेट हासिल कर लिया.