छात्राओं ने सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।
सतना में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की छात्राओं ने गर्ल्स कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। खराब रिजल्ट और 6 मांगों को लेकर छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
.
इस प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में सैकड़ों छात्राएं लगभग डेढ़ घंटे तक फंसी रहीं। छात्राओं के सड़क पर बैठ जाने से स्टेशन रोड से जिला अस्पताल को जाने वाला रास्ता भी जाम हो गया।
सूचना मिलने पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह और सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी सहित महिला पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उन्होंने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं प्रदर्शन जारी रखे रहीं।
80 प्रतिशत छात्राओं का रिजल्ट खराब आने से नाराजगी
छात्र नेता आकांक्षा गौतम ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्रथम वर्ष की 80 प्रतिशत छात्राओं का रिजल्ट खराब आया, जिसकी आज तक जांच नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में आवारा तत्व घुस आते हैं और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। इसके अलावा, वॉशरूम में सफाई न होने से छात्राओं को परेशानी होती है।
छात्राएं प्राचार्य को ज्ञापन देने पर अड़ी रही
काफी देर तक एसडीएम और सीएसपी ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम के मांगों का ज्ञापन मांगे जाने पर छात्राएं प्राचार्य को ही ज्ञापन सौंपने की जिद पर अड़ी रहीं। लगभग दो घंटे तक प्रशासन और छात्राओं के बीच बहस चलती रही। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि प्राचार्य अवकाश पर हैं।

छात्राओं ने कॉलेज के मेन गेट पर ताला लगा दिया था।
ज्ञापन सौंपकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया
अंत में, प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने ज्ञापन सौंपकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट पर तालाबंदी के कारण सैकड़ों छात्राएं करीब डेढ़ घंटे तक कॉलेज परिसर में ही फंसी रहीं। जब पुलिस द्वारा छात्र नेताओं से चाबी मांगी गई और नहीं दी गई, तो मजबूरन पुलिस ने ताला तोड़कर मुख्य गेट खोला।

पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर फंसी छात्राओं को बाहर निकाला।