1 साल बाद की वापसी और तोड़ दिया हाशिम अमला का रिकॉर्ड, विराट के जिगरी का टेस्ट में जोरदार कमबैक

1 साल बाद की वापसी और तोड़ दिया हाशिम अमला का रिकॉर्ड, विराट के जिगरी का टेस्ट में जोरदार कमबैक


New Zealand vs West Indies: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज मंगलवार (2 दिसंबर) को क्राइस्टचर्च में शुरू हुई. वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने पहली पारी में स्टंप तक 9 विकेट पर 231 रन बना लिए हैं. उसके लिए अनुभवी बल्लेबाज केन विलियम्सन ने शानदार प्रदर्शन किया और अर्धशतक लगाकर टीम की लाज बचाई. विलियम्सन पारी में कीवी टीम के लिए फिफ्टी लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे. इस दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की.

अमला से आगे हो गए विलियम्सन

विलिय्मसन ने लगभग 1 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज को सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया. वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और 52 रन की पारी खेली. पारी का 7वां रन बनाते ही विलियम्सन ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज हाशिम आमला को टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया. विलियम्सन के 106 टेस्ट की 187 पारियों में 9,328 रन हो गए हैं. वह 33 शतक और 38 अर्धशतक लगा चुके ह. टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विलियम्सन 16वें नंबर पर हैं. वह टेस्ट में 10,000 रन पूरे करने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज का रिकॉर्ड

हाशिम आमला ने 2004 से 2019 के बीच 124 टेस्ट की 215 पारियों में 9,282 रन बनाए हैं. आमला ने 28 शतक और 41 अर्धशतक लगाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 311 है. आमला जैक कैलिस के बाद टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं. कैलिस ने 1995 से 2013 के बीच 166 टेस्ट की 280 पारियों में 45 शतक और 58 अर्धशतक लगाते हुए 13,289 रन बनाए थे. ओवरऑल सूची में कैलिस चौथे स्थान पर हैं.

टेस्ट के टॉप-5 बल्लेबाज

200 टेस्ट की 329 पारियों में 51 शतक और 68 अर्धशतक की मदद से 15,921 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं. 159 टेस्ट की 290 पारियों में 39 शतक और 66 अर्धशतक की मदद से 13,551 रन बनाकर इंग्लैंड के जो रूट दूसरे और 168 टेस्ट की 287 पारियों में 41 शतक और 62 अर्धशतक की मदद से 13,378 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग तीसरे स्थान पर हैं. 164 टेस्ट की 286 पारियों में 36 शतक और 63 अर्धशतक की मदद से 13,288 रन बनाकर राहुल द्रविड़ पांचवें स्थान पर हैं.

ये भी पढ़ें: IND vs SA 2nd ODI: रायपुर में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? रोहित शर्मा के नाम फिफ्टी, विराट कोहली फेल

लाथम का नहीं चला बल्ला

न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही थी. टीम को पहला झटका 1 के स्कोर पर डेवोन कॉन्वे के रूप में लगा. कॉन्वे बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद पूर्व कप्तान विलियम्सन ने कप्तान टॉम लाथम के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन दोनों एक के बाद एक कर आउट हो गए जिसकी वजह से न्यूजीलैंड पर दबाव फिर बढ़ गया. लाथम 24 रन बनाकर आउट हुए.

विलियम्सन ने टीम को संभाला

विलियम्सन और लाथम की 93 रन की साझेदारी के अलावा सातवें विकेट के लिए ब्रेसवेल और स्मिथ के बीच 52 रन की साझेदारी हुई. यह साझेदारी बेहद अहम थी. अगर यह साझेदारी नहीं हुई होती, तो न्यूजीलैंड 200 के अंदर सिमट गई होती. माइकल ब्रेसवेल ने 47, नाथन स्मिथ ने 23, विल यंग ने 14, और टॉम ब्लंडेल ने 29 रन बनाए. खेल समाप्ति के समय जेकेरी फॉक्स 3 और जैकब डफी 4 रन बनाकर नाबाद रहे. कप्तान चेज ने जितने भी गेंदबाजों का इस्तेमाल किया सभी को विकेट मिले. केमार रोच, ओजे शिल्ड्स और जस्टिन ग्रिव्स ने 2-2 विकेट लिए. जायडन सिल्स, जोहान लेन और रोस्टन चेज को 1 विकेट मिले.



Source link