बैतूल के शाहपुर में बुधवार को यूथ कांग्रेस ब्लॉक शाहपुर ने ‘किसान न्याय यात्रा’ निकाली। यह यात्रा बस स्टैंड से शुरू होकर मुख्य मार्ग से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिसकर्मियों से गेट पर हल्की नो
.
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि प्रदेश का किसान लगातार आर्थिक संकट, प्राकृतिक आपदाओं और सरकारी उदासीनता का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सरकार के किए गए बड़े वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
इन मांगों को लेकर निकाली यात्रा
किसानों की प्रमुख मांगों में मक्का का समर्थन मूल्य (MSP) ₹2400 प्रति क्विंटल तत्काल प्रभाव से घोषित कर सरकारी खरीद शुरू करना शामिल है। किसानों ने कहा कि उन्हें अपनी मक्का की फसल ₹10 से ₹13 प्रति किलो पर साहूकारों को बेचनी पड़ रही है, जबकि सरकार ने ₹2400 प्रति क्विंटल देने का वादा किया था।
इसके अतिरिक्त, धान का ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की चुनावी घोषणा को पूरा करने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि उन्हें अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है और न ही बोनस राशि दी गई है।
खराब हुई फसलों को मुआवजा देने की मांग
बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल को नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की भी मांग की गई। कई किसानों की मक्का की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है।
किसानों ने सिंचाई के लिए नियमित बिजली देने और खाद की किल्लत दूर करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अनियमित और लंबी बिजली कटौती से सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है, जिससे फसलें सूख रही हैं।
सरकारी सोसायटियों में खाद के लिए घंटों लाइन में लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने खाद और यूरिया का वितरण नकद भुगतान प्रणाली से, पारदर्शी तरीके से और पर्याप्त मात्रा में करने की मांग की।

इस यात्रा में एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर शामिल थे। रैली का नेतृत्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी, राहुल उइके जनपद अध्यक्ष घोड़ाडोंगरी ने किया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष शाहपुर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे
