मैहर के महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एवं मुकुंदपुर जू सेंटर में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां कुछ युवकों ने 9 माह के तेंदुए के शावक के साथ छेड़छाड़ की। उसे नुकसान पहुंचाने वाली खतरनाक हरकतें कीं।
.
घटना का वीडियो बुधवार शाम को सामने आया है। इसके बाद जू प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मफलर जाली के अंदर डालकर शावक को पकड़ने की कोशिश
स्मॉल कार्निवोर शावक बाड़े में टहल रहे 9 महीने के तेंदुए के शावक को स्टैंड ऑफ बैरियर के बाहर मौजूद युवकों ने आवाज लगाना शुरू किया। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक ने ठंड का मफलर जाली के अंदर डालकर शावक को पकड़ने की कोशिश की। तीन बार असफल होने के बाद चौथी बार शावक ने मफलर दांतों से पकड़ लिया, जिसे युवक ने जोर से खींचकर वापस छीन लिया। यह हरकत किसी भी पल बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
युवक ने इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है।
जू सेंटर में वन्यजीवों को छेड़ना सख्त मनाही
मुकुंदपुर जू सेंटर के 9 साल के इतिहास में पर्यटकों द्वारा वन्यजीव से छेड़छाड़ का यह पहला मामला है। जू परिसर में कई जगह स्पष्ट निर्देश लगे हैं कि वन्यजीवों को छेड़ना सख्त मना है, इसके बावजूद यह घटना नियमों का खुला उल्लंघन है।
घटना के समय बाड़े के आसपास कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जबकि नियमानुसार हर बाड़े पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है। यह घटना जू की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमी को उजागर करती है।
वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘शिवम सिंह बघेल’ नाम की आईडी से पोस्ट किया गया है। प्रबंधन अब वीडियो पोस्ट करने वाले और घटना में शामिल युवकों की पहचान कर रहा है। जू अधिकारियों ने कहा है कि पहचान होते ही संबंधित लोगों पर नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।