रायसेन जिले के सलामतपुर भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी हरिओम साहू को बुधवार को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा से शराब मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने की है।
.
घटना दीवानगंज पुलिस चौकी में हुई थी, जहां हरिओम साहू ने चौकी प्रभारी से शराब की बोतल मांगी थी। इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद पार्टी पर सवाल उठने लगे थे।
मामले को संज्ञान में लेते हुए भारतीय जनता पार्टी की जिला अनुशासन समिति ने सलामतपुर मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल और हरिओम साहू को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। उनके लिखित जवाब मिलने के बाद, जिला अनुशासन समिति ने यह मामला भाजपा जिलाध्यक्ष और प्रदेश भाजपा कार्यालय को भेजा था।
प्रदेश भाजपा और जिला भाजपा संगठन के निर्देशों के बाद सलामतपुर मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल ने हरिओम साहू को मंडल मीडिया प्रभारी के पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया। संगठन ने हरिओम साहू के कृत्य को ‘निंदनीय और पार्टी विरोधी’ बताया।
बीजेपी ने कार्रवाई का आदेश भी जारी किया है।
मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल ने इस कार्रवाई की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और जिला अनुशासन समिति के संयोजक राकेश तोमर को भी भेजकर अवगत कराया है।
