बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में मोहदा के पास एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय मनोज पिता जिलु की मौत हो गई। घटना में उसका साथी दिलीप सानू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मजदूरी का काम करते थे और मोहदा से गदाखार की ओर जा रहे थे।
.
भीषण टक्कर के बाद युवक घायल
सामने से आ रही पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने एंबुलेंस को तुरंत सूचना दी। घायल युवकों को पहले भीमपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया, जबकि दिलीप का इलाज जारी है।
मनोज अपने तीन भाइयों में मंझला था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां पर थी। प्रारंभिक पुलिस रिकॉर्ड में युवक का नाम विनोद रामजी दर्ज था, लेकिन आधार कार्ड के आधार पर उसकी सही पहचान मनोज जिलु के रूप में हुई।
अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम किया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।