AUS vs ENG: मॉडर्न क्रिकेट में शतकवीरों के नाम पर या विराट कोहली का नाम आता है या फिर जो रूट का. पिछले 5 साल में रूट ने शतकों का अंबार लगा दिया है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया को घमंड था कि उनकी धरती पर रूट के बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला जो आज टूट चुका है. रूट ने 12 साल से चल रहे अभिशाप को खत्म किया. इतना ही नहीं, महान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने वादा किया था कि अगर रूट चल रही एशेज में एक भी शतक नहीं बना पाए तो वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर बिना कपड़ों के घूमेंगे.
बचा ली मैथ्यू हेडन की लाज
जो रूट ने मैथ्यू हेडन की लाज बचा ली है. पहले टेस्ट में उनके बल्ले से शतक नहीं निकला था लेकिन अब उनपर गाबा टेस्ट में शतक का टैग लग गया है. इंग्लैंड ने महज 5 रन के स्कोर पर अपने 2 अहम बल्लेबाजों को खो दिया था. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज फंदा कसते इससे पहले रूट ने खूंटा गाड़ लिया. बेन डकेट और ओली पोप को बिना खाता खोले लौट गए थे और इंग्लैंड की टीम मुश्किल में थी.
क्रॉली के साथ अहम पार्टनरशिप
जो रूट ने जैक क्रॉली के साथ 117 रन की अहम पार्टनरशिप की जिसके बाद मैच में जान आ गई. हालांकि, क्रॉली शतक से चूक गए और 76 रन पर अपना विकेट गंवाया. लेकिन रूट का दबदबा अंत तक जारी रहा. 30 पारियों बाद रूट के बल्ले से ऑस्ट्रेलिया में शतक देखने को मिला है. साथ ही जो रूट ने स्मिथ का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है. रूट के नाम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में घर से बाहर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड है. स्मिथ ने 8 सेंचुरी ठोककर ये रिकॉर्ड कायम किया था लेकिन अब रूट 9 शतकों के साथ नंबर-1 पर आ चुके हैं.
ये भी पढे़ं.. 4 चौके, 4 छक्के और रनों की बारिश.. वैभव के आगे फेल अर्जुन का जादू, बेबाक अंदाज में कर दी धुनाई
पहले दिन रूट का जलवा
पहले दिन स्टंप्स तक इंग्लैंड ने बोर्ड पर 325 रन टांग दिए हैं. जो रूट 135 रन पर नाबाद रहे जबकि जोफ्रा आर्चर ने भी टेस्ट को टी20 बना दिया. आर्चर ने 2 छक्कों जबकि एक चौके की मदद से महज 26 गेंद में 32 रन की परी खेली. पुछल्ले बल्लेबाज को आउट करने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने पूरा जोर लगा दिया लेकिन अंत तक दोनों डटे रहे. अब दूसरे दिन भी रूट और आर्चर स्कोरबोर्ड पर रन खींचना चाहेंगे.