.
जिले में सर्दी ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री गिरकर 6 डिग्री पर पहुंच गया। इसी के साथ राजगढ़ एक बार फिर पश्चिमी क्षेत्र भोपाल संभाग का सबसे सर्द और पूरे मध्य प्रदेश का दूसरे सबसे ठंडे शहरों की सूची में शामिल हो गया।
शुक्रवार की रात राजगढ़ रीवा के बाद सबसे कम तापमान वाला शहर रहा। खास बात यह है कि जिले में मौसम का यह यू-टर्न गुरुवार शाम को अचानक हुआ। गुरुवार दोपहर तक शहर सहित जिले भर में मौसम सामान्य था। शाम करीब 5:00 बजे हवा की गति बड़ी इसी के साथ तापमान में गिरावट शुरू हो गई। शाम को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोग अलाव तापते नजर आए। रात आते आते तो लोगों को फिर एक बार कंपकपी वाली सर्दी का एहसास होने लगा। अल सुबह न्यूनतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले में करीब 3.5 डिग्री की गिरावट हुई, और पारा 6 डिग्री तक लुढ़क गया।
इसके बाद पूरे दिन करीब 5-6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं के कारण दिन मैं भी पारे की रफ्तार थमी रही। अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ लेकिन इसके साथ चली ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का अहसास बढ़ गया। दिन में भी लोग गर्म कपड़े पहन कर खुद को सर्दी से बचाते नजर आए। भोपाल मौसम केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर दिव्या ई श्रीधरन ने बताया कि राजगढ़ व आसपास के जिलों में अगले 5 दिन तक मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। दिन और रात का तापमान शुक्रवार की तरह ही बना रहेगा। रात में 5 से 7 डिग्री जबकि दिन में 24 से 26 डिग्री के बीच में तापमान के रहने की संभावना है। इस बीच मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा इससे रात में सर्दी का एहसास बढ़ेगा।