अशोकनगर के देहात थाना क्षेत्र के मोहरी गांव में शनिवार देर रात 32 वर्षीय युवक तिलक राज अहिरवार की मौत हो गई। मृतक मढ़ी तूमैंन गांव का निवासी था। युवक की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने हंगामा किया और जिला अस्पताल के गेट पर वाहन रोककर चक्काजाम भी किया
.
परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने तिलकराज का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई। वे गांव के कुछ लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि शनिवार को गांव के कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था। इस दौरान तिलकराज के पिता पप्पू अहिरवार (57) को चोटें आई थीं। तिलकराज और उसका भाई सुंदर अहिरवार अपने पिता को इलाज के लिए अशोकनगर ला रहे थे।
मढ़ी तूमैंन गांव से मोहरी की पठार के पास पहुंचने पर कथित तौर पर गांव के लालजीराम और उसके परिवार वालों ने तीनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट में तिलकराज के पिता पप्पू अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में जिला अस्पताल से भोपाल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के विरोध के बाद पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सड़क हादसा प्रतीत होता है, जिसमें सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई थी। हालांकि, परिजन अभी भी हत्या का मामला दर्ज करने की अपनी मांग पर कायम हैं।