इंदौर में एनीमिया और अंगदान जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन 2025’ का आयोजन रविवार, 14 दिसंबर को होगा। वॉकाथॉन सुबह 7 बजे नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर पलासिया चौराहा होकर फिर स्टेडियम पर ही समाप्त होगा।
.
इस स्वास्थ्य जनआंदोलन में 6 हजार से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, डॉक्टर्स, सुरक्षा बलों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहेगी। शहर के 70 से अधिक संगठन इस अभियान में औपचारिक रूप से जुड़ चुके हैं। इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में भारत के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ी भी वॉकाथॉन में शामिल होंगे।
स्वस्थ समाज के लिए बड़ा कदम
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही प्रगतिशील भारत की नींव है। अंगदान किसी के जीवन में नई रोशनी ला सकता है, जबकि एनीमिया जागरूकता हमारी युवा पीढ़ी के भविष्य की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि इंदौर हमेशा राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल पेश करता आया है और यह वॉकाथॉन भी देश भर में स्वास्थ्य-जागरूकता का व्यापक संदेश देगा।
इंदौर की जनभागीदारी शहर की ताकत
मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर हर सामाजिक अभियान में जनभागीदारी का सर्वोत्तम उदाहरण रहा है। स्वच्छता हो या सामाजिक अभियान, शहर ने हमेशा देश को नई दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि यह वॉकाथॉन इंदौर की स्वास्थ्य-संवेदनशीलता को और मजबूती देगा और नागरिकों को बड़े पैमाने पर इससे जुड़ना चाहिए।
जनसहभागिता से स्थायी बदलाव
मिताशा फाउंडेशन के संस्थापक आलोक सिंघी ने बताया कि जब कोई अभियान जनता के समर्थन के साथ आगे बढ़ता है, तभी उसका प्रभाव स्थायी बनता है। फाउंडेशन का लक्ष्य है कि इंदौर सबसे अधिक अंगदान प्रतिज्ञाएं दर्ज करे और एनीमिया को जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए।
70 से अधिक संस्थाएं अभियान से जुड़ी
वॉकाथॉन में अंगदान रजिस्ट्रेशन बूथ, मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया जांच, डॉक्टर्स की विशेषज्ञ सलाह, फिटनेस एम्बेसडर्स के संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतिभागियों के लिए वेलनेस किट उपलब्ध कराई जाएंगी।
IMA इंदौर, इंडियन डेंटल एसोसिएशन, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040, नहाटा अकादमी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज, अधिवक्ता परिषद, भारत विकास परिषद, सक्षम सेवा, माहेश्वरी समाज, जैन समाज, गुजराती समाज सहित 70 से अधिक संस्थाएं इस अभियान से जुड़ी हैं।
फाउंडेशन का मानना है कि अंगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का सबसे बड़ा उपहार है, जबकि एनीमिया को रोकना स्वस्थ समाज के निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता है। ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन 2025’ इंदौर की एकता, संवेदनशीलता और जन-जागरूकता का प्रतीक बनकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणा संदेश देगा।