देपालपुर स्थित प्राप्ति बायो डीजल पंप द्वारा अवैध रूप से नकली बायो डीजल की बिक्री करने पर रविवार को खाद्य विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की टीम ने पंप को मौके पर सील कर दिया है।
.
यहां प्रारंभिक जांच में नकली बायो डीजल होना पाया गया है। दरअसल इस पंप की शिकायत प्राप्त होने पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा जांच की गई। प्रारंभिक जांच में नकली बायो डीजल पाए जाने पर पंप को सील किया गया है। इसके साथ ही पंप संचालक द्वारा राज्य सरकार के अधिकृत लाइसेंस प्राप्त छह कंपनी के सप्लायर से सप्लाय नहीं लेकर अनाधिकृत फर्म से सप्लाय लेना पाया गया।
पंप संचालक BS100 मानक का ही बायो डीजल विक्रय कर सकते हैं, बायो डीजल के मानक की डेंसिटी 900 से ऊपर होती है परंतु मौके पर डेंसिटी 821 पाई गई। मौके से कुल 17671 लीटर नकली बायो डीजल जप्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रु. है। नकली बायो डीजल के सैम्पल लेकर पंप में बिक्री बंद करवाते हुए पंप, डिस्पेंसरी यूनिट और भूमिगत टैंक को सील कर दिया गया है। सैंपल अधिकृत लेबोरेटरी में टेस्टिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।