Last Updated:
Sidhi News: वीडियो में मनीष द्विवेदी जब छात्रों से स्कूल खुलने का टाइम पूछते हैं, तो बच्चे बताते हैं कि अब स्कूल खुलने का समय 11 बजे हो चुका है. ताला खोलते समय हड़बड़ाहट में प्राचार्य का मोबाइल भी गिर जाता है.
सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सरकारी स्कूलों (Sidhi School Video) की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है. जिले के सिहावल विकासखंड के तितली शासकीय प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल का ताला 12 बजे खुलते हुए नजर आ रहा है. वहीं बच्चे स्कूल के बाहर खड़े इंतजार करते दिख रहे हैं. वायरल वीडियो में स्कूल के प्राचार्य कृष्ण कुमार पटेल खुद 12 बजे स्कूल का ताला खोलते दिखाई देते हैं. इसी दौरान वहां मौजूद सोनबरसा निवासी मनीष द्विवेदी वीडियो रिकॉर्ड करते हुए सवाल पूछते हैं कि जब स्कूल का समय सुबह का है, तो ताला इतनी देर से क्यों खोला जा रहा है. इस पर प्राचार्य भड़कते हुए जवाब देते हैं कि 11 नहीं 12 बजे खोलेंगे, ठंड बढ़ गई है.
वीडियो में मनीष द्विवेदी छात्रों से समय पूछते हैं, तो बच्चे खुद बताते हैं कि अब स्कूल खुलने का समय 11 बजे हो चुका है. ताला खोलते समय हड़बड़ाहट में प्राचार्य का मोबाइल फोन भी जमीन पर गिर जाता है. यह वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिले में शिक्षा व्यवस्था आखिर किसके भरोसे चल रही है.
छात्रों का भविष्य भगवान भरोसे
अभिभावकों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. जिले के कई सरकारी स्कूल समय पर नहीं खुलते हैं. शिक्षक मनमर्जी से आते हैं और छात्रों का भविष्य भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है.
करीब 15 दिन पुराना है वीडियो
बता दें कि यह वीडियो करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो अब वायरल हुआ है. इस मामले के सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.