पुलिस ने महिला से रेप के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बड़वानी के अंजड़ थाना क्षेत्र में महिला से रेप के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। रविवार को अंजड़ पुलिस ने रविवार को जितेंद्र पाटीदार ‘फोगला’ को हिरासत में लिया। इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
.
दो आरोपी पहले से गिरफ्तार, तीसरा भी पकड़ाया
महिला ने 24 नवंबर को अंजड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले कांग्रेस के पानसेमल ब्लॉक अध्यक्ष मनीष पिता कन्हैयालाल गोयल (निवासी तलवाड़ा बुजुर्ग, हाल मुकाम पानसेमल) और भगवान पिता टीकम सोलंकी (निवासी तलवाड़ा बुजुर्ग) को गिरफ्तार किया था।
कल कोर्ट में आरोपी को पेश कर रिमांड लेगी पुलिस
टीआई आरआर चौहान ने बताया कि मनीष और भगवान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 64(1), 64(2)(m), 69, 126(2), 351(3), 61(2), 318(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। रविवार को गिरफ्तार किए गए जितेंद्र पिता राधेश्याम पाटीदार (निवासी अंजड़) को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी।
दो साल पहले महिला से किया था रेप
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ दो साल पहले रेप किया था। डर के कारण उसने उस समय शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।