एंबुलेंस से घायल को रीवा रेफर किया गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुरा ओवरब्रिज पर रविवार शाम लगभग 7.30 बजे एक सड़क हादसा हुआ। खटखरी बाजार से मजदूरी कर घर लौट रहे धरमपुरा निवासी राजकुमार साकेत को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
ग्रामीणों के अनुसार, बाइक चालक तेज गति से ओवरब्रिज पर चढ़ रहा था और नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद चालक बाइक सहित मौके से फरार हो गया, जिससे आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए आवाजाही भी रोक दी।
तुरंत ही वहां मौजूद लोगों ने एमपीआरडीसी की एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से राजकुमार को सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया गया।
घायल को रीवा रेफर करते स्वास्थ्यकर्मी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि घायल के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत लगातार बिगड़ती देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया।
परिजनों को सूचना मिलने पर अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई, जो दोषी बाइक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शाहपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।