SMAT 2025 Most Runs: टी20 क्रिकेट के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू करने वाले आयुष म्हात्रे ने पिछले कुछ वक्त में खूब सुर्खियां बटोरी हैं. अभिषेक जहां इंटरनेशनल स्तर पर अपनी छाप छोड़ चुके हैं तो वहीं आयुष ने पहले घरेलू, फिर आईपीएल और उसके बाद भारत के लिए अंडर-19 स्तर पर कमाल किया. ये दोनों टी20 के स्टार खिलाड़ी हैं, लेकिन इन दिनों चल रहे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में एक अनजान बल्लेबाज ने इन दोनों को भी पीछे छोड़ दिया है. वो एक तरह से रन मशीन बना है और लगभग हर मैच में गेंदबाजों के होश उड़ा रहा है. अब तक वो इस टूर्नामेंट में लीड रन स्कोरर है.
यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही वो कोई और नहीं बल्कि उत्तराखंड टीम के कप्तान कुणाल चंदेला हैं, जो इस वक्त तगड़े फॉर्म में चल रहे हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में 6 मैचों के बाद अगर किसी बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं तो वो चंदेला ही हैं. वो 6 में से 4 पारियों में पचासा जड़ चुके हैं. उनकी छह पारियां कुछ इस प्रकार 88, 94, 47, 8, 55, 51 रही हैं.
अभिषेक शर्मा और आयुष म्हात्रे से कैसे आगे हैं?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में कुणाल चंदेला, अभिषेक शर्मा और आयुष म्हात्रे यह तीनों 6-6 मैच खेल चुके हैं. चंदेला ने जहां 57.16 की औसत से 343 रन बना दिए हैं तो वहीं आयुष इतने मैचों में 325 रन बना पाए हैं. अभिषेक ने इतने मैच खेलकर 304 रन किए हैं. इन तीनों में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में भी चंदेला सबसे आगे हैं. उन्होंने 35 चौके लगाए हैं, जबकि आयुष के बल्ले से 20 चौके और अभिषेक ने 27 चौके मारे. ये आंकड़े आगे होने वाले मैचों में बदल भी सकते हैं, लेकिन फिलहाल चंदेला सबसे आगे हैं.
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा रन
कुणाल चंदेला (उत्तराखंड)- 6 मैचों में 343 रन
आयुष म्हात्रे (मुंबई)- 6 मैचों में 325 रन
अभिषेक शर्मा (पंजाब)- 6 मैचों में 304 रन
आर. स्मरण (कर्नाटक)- 6 मैचों में 295 रन
यशवर्धन दलाल (हरियाणा)- 6 मैचों में 288 रन
कौन हैं कुणाल चंदेला?
कुणाल चंदेला दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. वो उत्तराखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. इससे पहले दिल्ली के लिए भी खेल चुके हैं. 31 साल का हो चुका ये बल्लेबाज दिल्ली में ही जन्मा था. फर्स्ट क्लास के 43 मैचों में वो 5 शतक और 14 फिफ्टी के दम पर 2389 रन बना चुके हैं. लिस्ट ए के 29 मैचों में 1040 रन किए हैं, जबकि टी20 के 32 मैचों में 883 रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें: W W W W W W: 4 ओवर में अकेले ही कर दिया आधी टीम का सफाया, गिल के साथी ने SMAT में रच डाला इतिहास