Last Updated:
Robin Minz Jharkhand Syed Mushtaq Ali Trophy 2025-26: देसी क्रिस गेल के नाम से मशहूर झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज ने राजस्थान के खिलाफ 58 रन की तेजतर्रार पारी खेली. आईपीएल 2026 में रॉबिन मिंज मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे क्योंकि पांच बार की चैंपियन टीम ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिटेन करने का फैसला लिया था.
अहमदाबाद: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड ने राजस्थान को 36 रन से हराकर एलीट ग्रुप डी में टॉप पर फिनिश करते हुए सुपर-आठ में जगह बनाई. झारखंड की इस जीत में देसी क्रिस गेल कहलाए जाने वाले रॉबिन मिंज ने 27 गेंद में 58 रन की धुआंधार पारी खेली. चौथे नंबर पर उतरते हुए 214.81 की स्ट्राइक रेट से रॉबिन ने आठ चौके, दो छक्के उड़ाए.
मुंबई इंडियंस ने रॉबिन मिंज को किया रिटेन
आईपीएल 2024 में रॉबिन मिंज को गुजरात टाइटंस ने तीन करोड़ 60 लाख रुपये की भारी भरकम कीमत में खरीदा था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले एक भयंकर रोड एक्सीडमेंट में यह क्रिकेटर बाल-बाल बचा था. गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह बिना कोई मैच खेले आईपीएल से बाहर हो गए थे. इसके बाद आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने रॉबिन को 65 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा जबकि उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये था. अब आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई ने इस विकेटकीपर बैटर को रिटेन रखा है.
रॉबिन मिंज की शानदार पारी
179 रन पर सिमटी राजस्थान की टीम
रॉबिन मिंज की इस मैच विनिंग पारी के अलावा विराट सिंह (36 गेंद में 69 रन) और कप्तान कुशाग्र (37 गेंद में 55 रन) के अर्धशतकों के बूते झारखंड ने पांच विकेट पर 215 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम 19.2 ओवर में 179 रन पर सिमट गई. झारखंड के लिए सुशांत मिश्रा ने 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
जीत के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर दिल्ली
यश धुल और कप्तान नितीश राणा के अर्धशतक से दिल्ली ने अपने अभियान का अंत उत्तराखंड पर 18 रन की जीत के साथ किया. सात मैच में तीसरी जीत के साथ दिल्ली की टीम ग्रुप डी में झारखंड और राजस्थान के बाद तीसरे स्थान पर रही. धुल (37 गेंद में 52 रन) और राणा (29 गेंद में 51 रन) ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन टीम को अगले दौर में ले जाने में नाकाम रहे. दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन बनाए और फिर उत्तराखंड को सात विकेट पर 144 रन पर रोक दिया. उत्तराखंड की ओर से प्रशांत चोपड़ा 50 गेंद में 54 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे. दिल्ली के लिए सुयश शर्मा और दिग्वेश सिंह राठी ने दो-दो विकेट चटकाए.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें