देवास। आगरोद क्षेत्र में विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री हरिओम शाह के साथ मारपीट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 6 दिसंबर को हुई थी, जिसके विरोध में मंगलवार को जिलेभर के बिजली अधिकारी और कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध
.
कनिष्ठ यंत्री हरिओम शाह 6 दिसंबर को अन्य कर्मचारियों के साथ सिंगावदा क्षेत्र के ग्राम आगरोद में रबी सीजन के अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की जांच और सिंचाई कनेक्शनों की बकाया राशि वसूलने गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बिजली अधिकारी-कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
चारों आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में विजयागंज मंडी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खाजू पटेल (56), सद्दाम पटेल (24), सोहेल पटेल (26) और शाहरुख पटेल (23) शामिल हैं। ये सभी आगरोद, थाना विजयागंज मंडी के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
घटना से नाराज विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मंगलवार को भोपाल रोड स्थित विविकं कार्यालय से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने, उनके मकान तोड़ने और जुलूस निकालने की मांग को लेकर एक आवेदन सौंपा।
मप्र बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार पांडे ने बताया कि देवास जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर को आगरोद क्षेत्र में चार हमलावरों ने हमारे शासकीय अधिकारी को घर के अंदर बंद कर मारा था, जिससे उनकी गर्दन पर चोट आई थी।

मारपीट के चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।