India vs South Africa T20: टेस्ट और एकदिवसीय के रास्ते भारत और साउथ अफ्रीका का सफर टी20 सीरीज तक पहुंच चुका है. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की T20I शृंखला का पहला मैच मंगलवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा. एक ऐसा मैदान, जहां साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को दो बार जख्म दिया है. इस स्टेडियम में भारत अभी तक साउथ अफ्रीका को टी20 इंटरनेशनल में नहीं हरा सका है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इस रिकॉर्ड को बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होगा. टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन है और उनका सामना फिलहाल उसी टीम से है, जिसे उन्होंने पिछले टी20 विश्व कप के फाइनल में हराया था. साउथ अफ्रीका को हराना सूर्या एंड कंपनी के लिए कड़ी चुनौती साबित हो सकती है, खासकर कटक में जहां प्रोटियाज का 100 प्रतिशत जीत रिकॉर्ड है.
कटक में भारत से नहीं हारा साउथ अफ्रीका
बता दें कि कटक के खूबसूरत बाराबती स्टेडियम में भारत ने अभी तक 3 T20I मुकाबले खेले हैं. दो बार उनका सामना साउथ अफ्रीका से हुआ है और दोनों मैचों में टीम इंडिया को हार मिली है. पहली बार 2015 में साउथ अफ्रीका ने भारत को इस मैदान पर पटखनी दी थी. फिर 2022 में भी प्रोटियाज टीम इंडिया पर भारी रही. कटक में श्रीलंका के खिलाफ हुए T20I मैच में भारत को 93 रनों से जीत मिली थी.
IND vs SA: टी20 में कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
दुनिया में बहुत कम टीमें हैं जिन्होंने टी20 में भारत में हार से ज्यादा जीत का स्वाद चखा है. साउथ अफ्रीका उनमें से एक है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि भारत में खेले गए टी20 मैचों में साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड टीम इंडिया से बेहतर रहा है. भारतीय टीम ने अपने घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब तक 12 मुकाबले खेले हैं. 6 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है, जबकि 5 मैच भारत के नाम रहे हैं. एक मुकाबला का नतीजा नहीं निकला था.
ओवरऑल बात करें तो भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले हुए हैं. यहां टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. 18 मैचों में भारत को जीत मिली है, जबकि प्रोटियाज टीम को 12 जीत से संतोष करना पड़ा है.
T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा
T20I सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका टीम
क्विंटन डी कॉक (WK), एडन मार्करम (C), टोनी डी जॉर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, रीजा हेंड्रिक्स, ओटनील बार्टमैन, डोनोवन फरेरा, क्वेना मफाका, जॉर्ज लिंडे
ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड माहिका के साथ किसने की ‘गंदी हरकत’? पहली बार इतने आगबबूला हुए हार्दिक पांड्या, सरेआम लगाई क्लास